बेगूसराय | कला एवं संस्कृति कार्यालय, बेगूसराय की ओर से आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में दो दिवसीय मिथिला चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें बेगूसराय के वरिष्ठ चित्रकार इंद्र मोहन प्रसाद की एकल चित्रकला प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। कार्यशाला में मिनल कुमारी ने मिथिला चित्रकला का प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने भाग लेते हुए मिथिला चित्रकला की बारीकियों को जाना। लोक कला से रूबरू होकर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपनी-अपनी कलाकृतियों का सृजन किया। कार्यशाला के उपरांत आयोजित प्रदर्शनी में प्रदर्शित कलाकृतियों को देखकर छात्राओं ने कलाकार से विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका वरिष्ठ कलाकार इंद्र मोहन प्रसाद ने प्रत्येक चित्र की विशेषताओं की व्याख्या करते हुए विस्तार से उत्तर दिया।

इस अवसर पर उपस्थित कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने प्रशिक्षण के माध्यम से सभी प्रशिक्षु छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। बताते चलें कि कला एवं संस्कृति विभाग, बेगूसराय द्वारा कला के संरक्षण, संवर्धन एवं विकास के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह दो दिवसीय कला कार्यशाला का नियमित आयोजन किया जाता है।










