- विकास विद्यालय में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित
- कक्षा IV से IX तक के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
बेगूसराय | बेगूसराय स्थित विकास विद्यालय में शनिवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कक्षा IV से IX तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न एथलेटिक्स एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक राज किशोर सिंह, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी गौरव कुमार तथा बिहार क्रिकेट टीम के खिलाड़ी सिद्धार्थ मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को खेल को जीवन का अभिन्न अंग बनाने और अनुशासन व परिश्रम के माध्यम से सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी।
बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन से अपनी प्रतिभा दिखलाई
- कक्षा IV के विद्यार्थियों ने 25 मीटर और 50 मीटर दौड़, बोरी दौड़, फ्रॉग जंप तथा तीन पैर दौड़ में पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कक्षा V के छात्रों ने 50 मीटर और 100 मीटर दौड़ सहित अन्य प्रतियोगिताओं में गति, संतुलन और सहनशक्ति का परिचय दिया, जबकि दर्शकों के उत्साहवर्धन ने वातावरण को और भी रोमांचक बना दिया।
- कक्षा VI के विद्यार्थियों ने 50 मीटर, 100 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन पैर दौड़ और रिले दौड़ में भाग लिया, जिसमें विशेष रूप से रिले दौड़ के दौरान टीम भावना और समन्वय देखने योग्य रहा।
- कक्षा VII के छात्रों ने ट्रैक इवेंट्स और टीम प्रतियोगिताओं में अनुशासन एवं खेल भावना का सराहनीय प्रदर्शन किया।
- कक्षा VIII के विद्यार्थियों ने 50 मीटर, 100 मीटर दौड़, बोरी दौड़ और रिले प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
- कक्षा IX के विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास और परिपक्वता के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
आयोजन का उद्देश्य : विद्यार्थियों के शारीरिक विकास, आत्मविश्वास, सहयोग भावना और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करना था, जिसमें विद्यालय पूर्णतः सफल रहा। खेल प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा शीघ्र की जाएगी तथा पुरस्कार वितरण समारोह आगामी तिथि पर आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार चौधरी एवं उपनिदेशक राकेश कुमार सहित सभी शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










