- डीएम की अध्यक्षता में कारगिल विजय सभा भवन में समीक्षात्मक बैठक आयोजित
- अलग-अलग विभागों की योजनाओं के बारे में विस्तार से ली जानकारी
बेगूसराय | कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में बुधवार को विभिन्न तकनीकी विभागों की प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति आकलन, लंबित कार्यों की स्थिति तथा कार्यों में आवश्यक गति हेतु ठोस रणनीति निर्धारित करना था। बैठक में डीएम ने निर्देशित किया कि निर्माणाधीन सड़कों, पुल-पुलियों, भवनों, सिंचाई संरचनाओं एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए। आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यस्थलों पर आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
इन विभागों की बिंदुवार समीक्षा की गई
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग (बेगूसराय, बखरी, बलिया एवं तेघड़ा प्रमंडल), पथ निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, भवन निर्माण विभाग, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल (बरौनी एवं बेगूसराय) सहित अन्य संबंधित कार्यान्वयन एजेंसियों द्वारा संचालित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। प्रत्येक विभाग से योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, पूर्णता की संभावित समयसीमा, कार्य में आ रही बाधाओं तथा गुणवत्ता नियंत्रण से संबंधित उपायों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विकास योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों के अनुरूप समयसीमा के भीतर हो।

संपूर्णता अभियान 2.0 की भी समीक्षा
बैठक में संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएम शास्त्री ने संबंधित विभागों को अभियान अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने तथा अधिकाधिक लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने हेतु विभागीय समन्वय को और मजबूत करने का निर्देश दिया। कहा कि योजनाओं की वास्तविक प्रगति का आकलन जमीनी स्तर पर सतत मॉनिटरिंग और पारदर्शिता से ही संभव है।
अधिकारियों को चेताया भी
डीएम शास्त्री ने सभी विभागों को चेताया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। जिले के समग्र आधारभूत विकास को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित अवधि में लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।










