- मंझौल के पीएमश्री आरडीपी गर्ल्स प्लस टू स्कूल की छात्राओं ने निकाली प्रभात फेरी
- विद्यालय की छात्रा रहीं शिक्षा विभाग की संयुक्त सचिव संजू कुमारी भी हुईं शामिल
बेगूसराय (मंझौल)| अनुमंडल मुख्यालय स्थित पीएमश्री आरडीपी गर्ल्स प्लस टू स्कूल में बिहार दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी से हुई। अनुमंडलाधिकारी प्रमोद कुमार ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने मंझौल समेत समस्त बिहारवासियों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विद्यालय परिसर में ‘उन्नत बिहार–उज्ज्वल बिहार’ थीम के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिनों तक छात्र-छात्राओं के बीच कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियां शामिल हैं। सभा भवन में आयोजित मुख्य समारोह में अतिथियों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक दायित्वों पर बल दिया। प्रभात फेरी के दौरान छात्राओं को विद्यालय में अल्पाहार और रास्ते में मुखिया विकेश कुमार ने स्वागत करते हुए बिस्किट वितरण किया।
राज्य स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाएगा विद्यालय
इस अवसर पर विद्यालय की पूर्व छात्रा एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त सचिव संजू कुमारी भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। उनकी उपस्थिति से छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. चंदन कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मंझौल अनुमंडल क्षेत्र का एकमात्र पीएमश्री विद्यालय होने के कारण आरडीपी गर्ल्स स्कूल को विशेष रूप से चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि इससे विद्यालय के इंफ्रास्ट्रक्चर में व्यापक सुधार होगा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उनका लक्ष्य है कि विद्यालय जिले ही नहीं, बल्कि राज्य स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाए और यहां की छात्राएं राष्ट्र सेवा की भावना के साथ देशभर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।
जीविका दीदियों ने स्टाॅल लगाया
कार्यक्रम स्थल पर जीविका समूहों द्वारा विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जहां स्थानीय उत्पादों और योजनाओं की जानकारी दी गई। अनुमंडलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इमरजेंसी स्वास्थ्य स्टॉल लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। सरपंच प्रतिनिधि कन्हैया कुमार ने छात्राओं को सशक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शिक्षक शैलेश कुमार, संजय कुमार, प्रो. संजय कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह, रंजीत कुमार, राजा कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।










