- आयुष भारत गैस ग्रामीण वितरक और रामदीरी इंडेन ग्रामीण वितरक को शो-कॉज
- डीएम श्रीकांत शास्त्री ने एलपीजी घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर वितरण की समीक्षा की
बेगूसराय | जिले में एलपीजी सिलेंडर की सुचारू एवं पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन सजग है। इसी क्रम में डीएम श्रीकांत शास्त्री ने रविवार को इसकी समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर पूजा एचपी गैस एजेंसी के विरुद्ध ‘आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955’ की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके साथ ही दुकान बंद पाए जाने के कारण आयुष भारत गैस ग्रामीण वितरक एवं रामदीरी इंडेन ग्रामीण वितरक को शो-कॉज किया गया। वहीं विभिन्न प्रकार की अनियमितताओं के लिए 9 अन्य गैस एजेंसियों को कड़ी चेतावनी दी गई है।
405 शिकायतों में से 300 का निष्पादन
डीएम ने बताया कि जिला नियंत्रण कक्ष में अब तक कुल 405 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 300 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। प्राप्त शिकायतों को तत्परता से संबंधित गैस एजेंसियों एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अग्रसारित कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित कराया जा रहा है।
दावा : बुकिंग से ज्यादा वितरण
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 4,234 बुकिंग प्राप्त हो रही है, जबकि औसत वितरण 4,710 सिलेंडर प्रतिदिन किया जा रहा है। 29 मार्च को कुल 14,918 बुकिंग के विरुद्ध 10,550 एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। यह आपूर्ति व्यवस्था में सुधार को दर्शाता है।
गैस एजेंसी अब 10 घंटे तक खुले रहेंगे
उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गैस एजेंसियों की कार्य अवधि को 8 घंटे से बढ़ाकर 10 घंटे कर दिया गया है। इसके साथ ही डिलीवरी कर्मियों को सप्ताह के सभी सातों दिन कार्यरत रहने का निर्देश दिया गया है।










