- जिले में औसतन 4256 गैस सिलेंडरों की बुकिंग हो रही
- प्रशासन का दावा – 4711 की डिलीवरी कर रहे
- जिले में कंपनियों के पास 19,992 गैस सिलेंडरों का स्टॉक
बेगूसराय | जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के निर्देशानुसार जिले में विभिन्न तेल विपणन कंपनियों के प्रदर्शन तथा रसोई गैस की उपलब्धता की दैनिक समीक्षा की जा रही है। 30 मार्च तक प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जिले में रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिला प्रशासन ने बताया कि जिले में कुल 67 वितरकों के माध्यम से गैस सिलेंडरों का वितरण हो रहा है। कंपनियों के पास कुल 19,992 गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। बीते दिन कुल 7,400 सिलेंडरों की सफल डिलीवरी की गई। जिले में प्रतिदिन औसत 4,256 बुकिंग प्राप्त हो रही है, जबकि इसके मुकाबले औसतन 4,711 सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है।
आइओसीएल सबसे बड़ी प्रदाता कंपनी
कंपनीवार स्थिति के अनुसार IOCL जिले में सबसे बड़ी सेवा प्रदाता कंपनी है, जो 40 वितरकों के माध्यम से कुल 30,212 चालू बुकिंग का प्रबंधन कर रही है। इसके अतिरिक्त BPCL 15 वितरकों के माध्यम से 18,272 बुकिंग तथा HPCL 12 वितरकों के माध्यम से 10,081 बुकिंग का संचालन कर रही है। जिला प्रशासन द्वारा सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। जिले का औसत बैकलॉग 4.7 दिन है, जिसे कम करने के लिए आपूर्ति श्रृंखला को और सुदृढ़ किया जा रहा है।
संयुक्त जांच टीम का गठन
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी द्वारा गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जांच हेतु अनुमंडल पदाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता की संयुक्त जांच टीम का गठन किया गया है। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, बेगूसराय एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता द्वारा नीलम गैस एजेंसी, बगवाड़ा के गोदाम की जांच की गई। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी, बलिया द्वारा शिवम गैस एजेंसी की जांच की गई। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि किसी एजेंसी द्वारा कालाबाजारी, निर्धारित शुल्क से अधिक राशि की मांग या डिलीवरी में अनावश्यक देरी की शिकायत हो, तो इसकी सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06243-450626 पर दें।
संबंधित खबर










