Download App from

देश की शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ होते हैं सरकारी विद्यालय

  • राजकीयकृत मध्य विद्यालय बीहट ने मनाया 10वां प्रारंभिक दीक्षांत उत्सव
  • राष्ट्रीय और राजकीय सम्मान पाने वाले शिक्षकों ने बच्चों का मनोबल बढ़ाया

बेगूसराय | राष्ट्रीय स्तर पर प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की सशक्त मिसाल प्रस्तुत करते हुए राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बीहट में 10वां प्रारंभिक दीक्षांत उत्सव विद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में सम्पन्न हुआ। दीक्षांती बच्चे राज्य के उत्कृष्ट शिक्षकों के सान्निध्य में दीक्षांत शपथ ली और प्रधानाध्यापक के दीक्षांत संदेश के साथ अपने प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण होने का प्रमाण पत्र प्राप्त किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार एवं शिक्षाग्रह अवार्ड 2026 से सम्मानित किशनगंज की शिक्षिका कुमारी गुड्डी, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित कैमूर के प्रधानाध्यापक हरिदास शर्मा एवं अनिल कुमार सिंह, राजकीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित दरभंगा के प्रधान शिक्षक रवि रौशन कुमार, सीतामढ़ी के नवाचारी शिक्षक अमर आनंद, बेगूसराय में उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन के लिए चर्चित मध्य विद्यालय रतौली के प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार तथा गोरगामा के प्रधानाध्यापक नवीन प्रसाद सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही निपुण बिहार की स्टेट मेंटर मृदुला कुमारी, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त पीटीईसी खड़गपुर हवेली के व्याख्याता पप्पू हरिजन तथा राजकीय शिक्षक अवॉर्डी प्रियंका कुमारी (सीतामढ़ी) वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों द्वारा सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

प्रथम सत्र में बाल संवाद का आयोजन
दीक्षांत उत्सव के प्रथम सत्र में विद्यालय के हाउस लीडर्स, क्लास मॉनिटर, बाल संसद, इको क्लब एवं ग्रीन क्लब के प्रतिनिधि विद्यार्थियों के साथ बाल संवाद का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने भाषा, विज्ञान, इतिहास, करियर, राजनीति, करेंट अफेयर्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा खेलकूद जैसे विविध विषयों पर अपने जिज्ञासापूर्ण और रोचक प्रश्नों से अतिथियों को प्रभावित किया। द्वितीय सत्र में पूरे वर्ष के दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शों, टीएलएम, हस्तलिखित अखबार ‘टुनमुन’ तथा डिजिटल पत्रिका ‘कलरव’ की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। विद्यालय की समग्र शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और कार्यक्रम की गुणवत्ता से अभिभूत अतिथियों ने एक स्वर में कहा कि सरकारी विद्यालय देश की शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ है और राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बीहट पूरे राष्ट्रीय परिदृश्य में विद्यार्थियों के बहुआयामी विकास का एक आदर्श मॉडल बनकर उभरा है, जो बिहार को गौरवान्वित कर रहा है। हमलोग यहां से काफी कुछ सीखकर जा रहे हैं।
कक्षा आठ के शत-प्रतिशत बच्चे हुए उत्तीर्ण
राष्ट्रीय शिक्षाग्रह अवार्ड प्राप्त विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार ने जानकारी दी कि शैक्षणिक वर्ष 2025–26 में विद्यालय ने उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल की हैं। कक्षा आठ की वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित सभी 176 विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत उत्तीर्णता प्राप्त की है। मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा के माध्यम से 16 विद्यार्थियों ने राज्य सरकार के मॉडल स्कूलों में प्रथम मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है। अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय विद्यालय में नामांकन के लिए राज्यस्तरीय प्रथम मेरिट सूची में 6 छात्राएं सफल रही हैं, जबकि द्वितीय मेरिट सूची में अब तक 12 छात्राओं के चयन की पुष्टि हो चुकी है। इसके अतिरिक्त मेधा छात्रवृत्ति में भी कम से कम 4 विद्यार्थियों के चयन की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है।

कामिनी ने सर्वाधिक 91.5 प्रतिशत अंक हासिल किए
वार्षिक परीक्षा परिणामों पर दीक्षांत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए राजकीय शिक्षक अवार्ड से सम्मानित शिक्षक अनुपमा सिंह ने बताया कि अष्टम ‘A’ की कामिनी ने 91.5 प्रतिशत तथा अष्टम ‘B’ की माही ने 90.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी-अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कामिनी का प्रदर्शन ओवरऑल सर्वश्रेष्ठ रहा। उल्लेखनीय है कि टॉप-10 के 20 विद्यार्थियों में 80 प्रतिशत स्थान छात्राओं ने प्राप्त कर अपनी उत्कृष्टता का परिचय दिया।
खेल प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
विद्यालय के खेल क्षेत्र की उपलब्धियां भी अत्यंत गौरवपूर्ण रही हैं। कक्षा 8 की छात्रा माही का बॉल बैडमिंटन में टीम इंडिया के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है, वहीं कक्षा 7 के प्रेम कुमार ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल प्राप्त कर विद्यालय, बेगूसराय और बिहार का नाम रोशन किया है। इस वर्ष रिकॉर्ड 350 विद्यार्थियों ने 35 विभिन्न खेल विधाओं में भागीदारी की और जिला से लेकर राज्य स्तर तक कुल 170 पदक, जिनमें गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज शामिल हैं, अर्जित किए।
शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले बच्चे हुए सम्मानित
विद्यालय में अनुशासन, उपस्थिति और समग्र विकास के लिए भी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिसमें अनामिका, कामिनी, शिवम, मीनाक्षी, मुस्कान और लवली को सौ प्रतिशत उपस्थिति के लिए तथा कक्षा 8 ‘B’ की सुरभि को अनुशासन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए शिवम, अंशु, सन्नी, आयुष, आदित्य, अंकित सहित छात्राओं में सृष्टि, माही, अनामिका, कामिनी, राधा, सोनाक्षी आदि सहित कुल 30 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मंत्रमुग्ध किया
कार्यक्रम के सांस्कृतिक आयाम ने भी सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा 8 की छात्राओं अनामिका, सोनाक्षी, राधा, कामिनी, लवली, अन्नू, परिधि आदि द्वारा प्रस्तुत ‘बिहार गौरव गान’, ‘उठो सहेली घूंघट खोलो’ तथा ‘रघुपति राघव राजाराम’ पर आधारित भावनृत्य ने उपस्थित अतिथियों को भाव-विभोर कर दिया। वहीं कक्षा 2 से 6 तक की छात्राओं छोटी, अदिति, साक्षी, ऋद्धि, मिष्टी, श्रुति, माही आदि ने अपनी शिक्षक प्रीति कुमारी के मार्गदर्शन में स्वागत से लेकर विदाई तक की प्रस्तुतियों से पूरे कार्यक्रम में भावनात्मक ऊर्जा का संचार किया।

शिक्षक अतिथियों को ‘शिक्षक श्री’ सम्मान दिया
कार्यक्रम का संपूर्ण संयोजन एवं संचालन राजकीय शिक्षक अवॉर्डी शिक्षक अनुपमा सिंह द्वारा अत्यंत कुशलतापूर्वक किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों की मेंटरिंग के लिए एनएसडियन गणेश गौरव, इप्टा के अमरनाथ सिंह तथा विद्यालय की शिक्षक प्रीति कुमारी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के सफल प्रबंधन में शिक्षक पूनम कुमारी, गौरव रौशन, राजन कुमार, विकास कुमार, अभिनव कुमार एवं वैभव कुमार की भूमिका भी अत्यंत सराहनीय रही। दीक्षांत सत्र के दौरान विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र संघ के प्रतिनिधि डॉ. कुंदन कुमार के संयोजन में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान, शिक्षाग्रह अवार्ड और राजकीय शिक्षक सम्मान पाए शिक्षक अतिथियों को उनके शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अंगवस्त्र एवं प्रशस्तिपत्र के साथ ‘शिक्षक श्री’ सम्मान प्रदान किया गया।
विद्यालय के शिक्षक भी हुए सम्मानित
विद्यालय में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शिक्षक प्रीति कुमारी, गौरव रौशन, चंदन कुमार, रितेश कुमार (प्रतिनियुक्त), खेल प्रशिक्षक विकास कुमार, कला प्रशिक्षक गणेश गौरव, अभिनव कुमार एवं वैभव कुमार तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्वयंसेवी शिक्षक राजन कुमार को विशिष्ट सेवा सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में बेगूसराय के अनेक शिक्षक, विद्यालय प्रधान, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा काफी बढ़ गई।

Picture of विजय झा

विजय झा

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

HUF Registration Services In India
Digital marketing for news publishers

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: wetter in Indien morgen

राशिफल

error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x