ब्रिटेन में आज 6 माह पहले आम चुनाव हो रहा है। चुनाव की घोषणा प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने 22 मई को की थी। चुनाव में करीब 5 करोड़ मतदाता सांसदों का चुनाव करेंगे। वोटिंग रात 10 बजे (भारतीय समय रात 2.30 बजे) खत्म हाेगी। वोटिंग खत्म होते ही मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। 5 जुलाई की सुबह तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि किस पार्टी की सरकार बन रही है। चुनाव बैलेट पेपर के जरिए होता है।
प्रधानमंत्री ऋषि सुनक पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे
कंजर्वेटिव पार्टी से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ऋषि सुनक गुरुवार को पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ यॉर्कशायर स्थित पोलिंग बूथ पहुंचे और वोटिंग की। वहीं लेबर पार्टी के उम्मीदवार कीर स्टार्मर ने पत्नी विक्टोरिया के साथ नॉर्थ लंदन के केंटिश टाउन में मतदान किया।

बहुमत के लिए 326 का आंकड़ा चाहिए
यहां की संसद में कुल 650 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को कम से कम 326 सीटें जीतनी होंगी। हालांकि चुनाव पूर्व हुए अलग-अलग सर्वे में इस बार लेबर पार्टी को बहुमत दिखाया गया है। अगर ऐसा होता है तो करीब 14 साल बाद कंजर्वेटिव पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा। इससे पहले 2019 में हुए चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी को 365, लेबर पार्टी को 202 और लिबरल डेमोक्रेट्स को 11 सीटें मिली थीं।
शाही परिवार नहीं करता है मतदान
आम चुनाव में ब्रिटेन के राजा और शाही परिवार का कोई सदस्य भी मतदान नहीं करता है। उद्देश्य- वे निष्पक्ष रहें। यूके में करीब 15 घंटे तक वोटिंग होती है। मतदाता को पोलिंग बूथ तक जाने की जरूरत नहीं है। वे किसी और से भी अपना वोट डलवा सकते हैं।
