पटना | बिहार में साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में ले रहे हैं। साइबर ठगों ने राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया और राजभवन के लोगों से ठगी की कोशिश की। इन ठगों ने राजभवन का पदाधिकारी बन वाट्सएप पर भी ठगी का प्रयास किया। दोनों ही मामले में राजभवन के डीएसपी नवीन कुमार ने साइबर थाने में केस दर्ज कराया है।
राजभवन का पदाधिकारी बताकर ठगी का प्रयास
डीएसपी नवीन कुमार ने पुलिस को बताया कि मोबाइल नंबर 9155502587 का उपयोगकर्ता खुद को राजभवन का पदाधिकारी बताता है। वह लोगों को वाट्सएप पर मैसेज भेज रहा है। लोगों से राजभवन के पुराने एसी, फर्नीचर आदि कम कीमत पर बेचने का दावा कर ठगी का प्रयास कर रहा है।
राज्यपाल का फेसबुक पर बना लिया फर्जी अकाउंट
एक शातिर ने राज्यपाल के नाम पर फर्जी फेसबुक अकाउंट बना लिया है। डीएसपी नवीन कुमार ने पुलिस को बताया कि साइबर शातिर कई दिनों से फर्जी फेसबुक अकाउंट का इस्तेमाल कर रहा है। जांच में यह बात सामने आई कि राज्यपाल के अकाउंट से तस्वीर कॉपी कर फर्जी अकाउंट पर लगाया जा रहा है।
जब हिमाचल के राज्यपाल थे तब भी फर्जी अकाउंट बनाया था
बताते चलें किक राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर बिहार से पहले हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल थे। जनवरी 2023 में भी शातिरों ने राज्यपाल का फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाया था। इसके बाद ठगों ने लोगों से पैसे मांगने शुरू कर दिए। जानकारी मिलने के बाद राज्यपाल ने खुद फेसबुक पर लोगों से अपील की कि वे इन फर्जी खातों को नजरअंदाज कर इन शातिरों के झांसे में न आएं।
