- विकास विद्यालय में भव्य तरीके से वार्षिक समारोह आयोजित
बेगूसराय | विकास विद्यालय का ‘वार्षिक समारोह 2026’ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एडीएम बृजकिशोर चौधरी, डॉ. शशिकांत पांडेय ने विद्यालय के निदेशक राजकिशोर सिंह, प्रधानाचार्य मनोज कुमार चौधरी और उप निदेशक राकेश कुमार के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आरंभ विद्यालय के संगीत शिक्षक और उनके समूह द्वारा गाए गए ‘स्वागतम गीत’ से हुआ। इसके पश्चात कक्षा-9 की छात्राओं ने गणेश वंदना पर नृत्य कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक और समसामयिक विषयों पर आधारित प्रदर्शन किए, जिनमें ‘ऑपरेशन सिंदूर’, भुखमरी की समस्या (Hunger Issue), ‘हेल्दी वर्सेस जंक फूड’, और बाल विवाह पर आधारित लघु नाटिका प्रमुख थी।
छात्रों ने दी ट्रिब्यूट टू फार्मर्स की प्रस्तुति
कक्षा 8 और 11 की छात्राओं द्वारा ‘महाभारत चीर हरण’ का सजीव मंचन किया गया, वहीं कक्षा 7, 8 और 9 के छात्रों ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के पीड़ितों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। किसानों के सम्मान में कक्षा 7 के छात्रों ने ‘ट्रिब्यूट टू फार्मर्स’ नामक प्रस्तुति दी।

अहा! टमाटर बड़ा मजेदार… पर बच्चे झूमे
विविधता और मनोरंजन का संगम समारोह में भारतीय संस्कृति और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिला। छात्रों ने ‘विविधता में एकता’, राजस्थानी लोक नृत्य, क्लासिकल थीम, और ‘चार युगों’ (Four Yugs) के इतिहास को नृत्य के माध्यम से दर्शाया। विद्यालय के नन्हे बच्चों (नर्सरी) ने “अहा टमाटर” और “जूता है जापानी” जैसे गीतों पर थिरक कर सबका दिल जीत लिया। इसके अलावा ‘ऑल इज वेल’, ‘लंदन ठुमकदा’, और ‘टुकुर टुकुर’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर भी शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं।
कुशल प्रबंधन और अनुशासन के बीच कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। मंच की सजावट भी शिक्षकों द्वारा की गई थी। समारोह के अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए इसे विद्यालय के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बताया।










