- चार दिवसीय Bihar State Under-17 Chess Championship संपन्न
- प्रतियोगिता में टॉप 8 खिलाड़ियों को नकद इनाम भी दिया गया

बेगूसराय | अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में बेगूसराय शतरंज अकादमी की ओर से गुरुवार को Bihar State Under-17 Chess Championship का फाइनल राउंड खेला गया। बालक वर्ग में पटना के प्रत्युष कुमार (6 अंक) और बालिका वर्ग में बेगूसराय की आर्या सिन्हा (5.5 अंक)स्टेट चैंपियन बनी। बालक वर्ग में पटना के अव्यय शर्मा और दरभंगा के मनीष यादव क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। इसी तरह बालिका वर्ग में मुजफ्फरपुर की नव्या गोयनका और बेगूसराय की इशिका क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। लड़कों को सदर डीएसपी ने आनंद कुमार पांडेय और लड़कियों को यमुना इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के निदेशक डाॅ. रामाश्रय सिंह ने ट्राॅफी और सर्टिफिकेट प्रदान किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य खिलाड़ियों को मेडल और सर्टिफिकेट दिया गया जबकि दोनों वर्ग के टॉप 8 खिलाड़ी को नकद पुरस्कार भी दिया गया। यह राशि अखिल बिहार शतरंज संघ खिलाड़ियों के खाते में भेजेगा।

दोनों वर्ग के टॉप 2 खिलाड़ी नेशनल Under-17 में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे
आयोजन सचिव संजीव कुमार ने बताया कि बालक और बालिका वर्ग से टॉप टू खिलाड़ी नेशनल Under-17 Chess Championship में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने बताया कि बालक वर्ग में कुल 7 और बालिका वर्ग में 6 राउंड के मैच खेले गए। चार दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में 38 जिलों से बालक वर्ग में 46 और बालिका वर्ग में 26 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
सफेद मोहरों ने प्रत्युष का खूब साथ दिया
लड़कों के आखिरी राउंड में टॉप पर चल रहे प्रत्युष कुमार ने सफेद मोहरे से खेलते हुए चौथे स्थान पर चल रहे कार्तिकेय नंदन को, तीसरे स्थान पर चल रहे अव्यय शर्मा ने दूसरे स्थान पर चल रहे तेजस शांडिल्य को और पांचवें स्थान पर चल रहे मनीष यादव ने काले मोहरे से खेलते हुए आठवें स्थान के खिलाड़ी अयूम कश्यप को हराया। प्रत्युष ने 7 राउंड में 4 बार सफेद मोहरे से चालें चलीं और सभी जीते। तीन बार काले मोहरे से खेले जिसमें दो बार जीते और एक बार हार का सामना करना पड़ा।

आर्या को टूर्नामेंट के पहले ही मैच में मिला था वॉकओवर
लड़कियों के आखिरी राउंड में दूसरे स्थान पर चल रही बेगूसराय की आर्या सिन्हा ने पहले स्थान पर चल रही नव्या गोयनका को हराया। चौथे स्थान पर चल रही बेगूसराय की इशिका ने दरभंगा की मनीषा यादव को और पांचवें स्थान पर चल रही कटिहार की मून ने तीसरे स्थान पर चल रही दृष्टि दीया प्रामाणिक को हराया। इशिका और मून को समान अंक (4.5) मिला, लेकिन वोकल नियम के अनुसार, बेगूसराय की इशिका को तीसरा स्थान मिला। आर्या सिन्हा ने 6 राउंड में तीन बार काले मोहरे से और एक बार सफेद मोहरे से प्रतिद्वंद्वी को हराया। सफेद मोहरे से एक बार हार का सामना करना पड़ा। टूर्नामेंट के पहले ही मैच में ऐश्वर्या शुक्ला ने वाॅकओवर देकर आर्या को बढ़त बनाने का काम किया।
खिलाड़ियों को इन लोगों ने किया संबोधित
समापन समारोह में खिलाड़ियों को अलख कुमार सिन्हा, दिलीप कुमार सिन्हा, रविन्द्र मनोहर, संजीव कुमार सिन्हा, चीफ आर्बिटर नंद किशोर, आर्बिटर नीरज कुमार आदि ने संबोधित किया।
संबंधित खबर
Bihar State Under-17 Chess Championship में प्रत्युष और नव्या गोयनका टॉप पर











अच्छी रिपोर्टिंग. दोनों वर्ग के विजाताओं को हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन