- बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड ने जिले के दो संस्कृत विद्यालय माॅडल स्कूल के रूप में चयनित किया
- प्रदेश के 50 संस्कृत विद्यालय मॉडल स्कूल के रूप में हुए हैं चयनित
बेगूसराय | बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड, पटना ने संस्कृत विद्यालयों में पठन-पाठन को सुधारने के लिए नई पहल की है। बोर्ड ने बिहार में संचालित संस्कृत विद्यालयों में से 50 स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में चयनित किया है। इनमें बेगूसराय के दो विद्यालय सरस्वती संस्कृत उच्च विद्यालय, पोखरिया और अक्षयवट संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, नावकोठी शामिल हैं। विद्यालय को बेहतर स्वरूप प्रदान करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक की ओर से इन मॉडल स्कूलों में पौधारोपण किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को सरस्वती संस्कृत उच्च विद्यालय बेगूसराय व व इसी विद्यालय के कंकौल स्थित भूमि और अक्षयवट संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, नावकोठी में पौधारोपण किया गया। पौधारोपण का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. प्रशांत कुमार, लालजी सिंह संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार, शंकर भवन संस्कृत उच्च विद्यालय मेहदाशाहपुर के पूर्व प्रधानाध्यापक नवीन कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।








