- सहकारिता मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री राम कृपाल यादव ने किया नेतृत्व
- डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क से सुभाष चौक तक निकाली गई यात्रा
- स्कूली बच्चों समेत हजारों लोगों ने लिया हिस्सा
बेगूसराय | ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर शुक्रवार को जिले में भारी उत्साह देखा गया। जिला प्रशासन की ओर आयोजित इस यात्रा ने पूरे शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल बना दिया। यात्रा का नेतृत्व सहकारिता विभाग के मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री राम कृपाल यादव ने किया। तिरंगा यात्रा कपस्या चौक स्थित डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क से शुरू हुई। हाथों में तिरंगा थामे हजारों लोग सुभाष चौक तक गए। यात्रा की शुरुआत और समापन स्थल पर राष्ट्रनायकों को नमन किया गया। मौजूद अतिथियों ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कदम से कदम मिलाकर चले अधिकारी और नेता
इस आयोजन में समाज के हर वर्ग ने हिस्सा लिया। स्कूली बच्चों और आम लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी की। मौके पर डीएम श्रीकांत शास्त्री, एसपी मनीष, बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार और मेयर पिंकी देवी मौजूद थीं। इनके अलावा डिप्टी मेयर अनीता राय, डीडीसी आकाश चौधरी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर सहित कई अन्य अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी यात्रा में हिस्सा लिया।

प्रशासन की अपील- इसे जन-आंदोलन बनाएं
पूरा यात्रा मार्ग देशभक्ति के रंग में डूबा नजर आया। लोगों ने राष्ट्रीय अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर जिला प्रशासन ने बेगूसराय वासियों से एक खास अपील की। प्रशासन ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को एक जन-आंदोलन बनाएं। सभी नागरिक अपने घरों पर पूरी गरिमा और सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं और इस पावन अभियान का हिस्सा बनें।












