बेगूसराय। समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में रविवार को विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा नियुक्त विशेष निर्वाचक सूची प्रेक्षक भरत खेड़ा द्वारा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री तुषार सिंगला, सहित मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा विशेष निर्वाचक सूची प्रेक्षक, श्री भरत खेड़ा को पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो से सम्मानित किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा विशेष प्रेक्षक को बेगूसराय जिले में हो रहे विशेष गहन पुनरीक्षण में अब तक किये गये कार्यो से अवगत कराया गया।

अयोग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाना SIR का मुख्य उद्देश्य
इस अवसर पर श्री खेड़ा द्वारा सभी राजनीतिक दलों को संबोधित करते हुए बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देशय है कि जो भी मतदता भारत के नागरिक हैं, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो पाए तथा अयोग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाया जाये। उन्होंने कहा कि 1 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद दावा -आपत्ति दाखिल करने की अंतिम तिथि 1/10/2025 है। इसलिए सभी राजनीतिक दलों से उन्होंने छूटे हुए मतदाताओं का प्रपत्र 6 के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर प्रखंडों में लगे कैंप में जमा करने का अनुरोध किया ।इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किया गया एवं उन्हें आवश्यक जानकारी साझा की गई।

मौके पर ये लोग थे मौजूद
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रत्येक गतिविधि के संबंध में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा लगातार सूचनाएं साझा की जा रही हैं, जिससे सभी पक्षों को अद्यतन जानकारी मिल रही है। बैठक में जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला सहित मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।









