- प्रदेश के 72 शिक्षकों को राजकीय पुरस्कार दिया जाएगा
- इनमें 29 महिला और 43 पुरुष शिक्षक शामिल
बेगूसराय/पटना | बेगूसराय जिले के दो शिक्षकों को वर्ष 2025 का राजकीय पुरस्कार मिलेगा। इस संबंध में प्राथमिक शिक्षा निदेशक साहिला ने बुधवार को पत्र जारी किया है। जारी पत्र के अनुसार, इस साल प्रदेश के 72 शिक्षकों को राजकीय पुरस्कार दिया जाएगा। चयनित अध्यापकों में 29 महिला और 43 पुरुष शिक्षक शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, इस पुरस्कार के लिए बेगूसराय जिले से राजकीय मध्य विद्यालय, रामपुर (तेघड़ा) के प्रधानाध्यापक वेद प्रकाश और राजकीय मध्य विद्यालय बीहट (बरौनी) की स्नातक शिक्षक अनुपमा सिंह का चयन किया गया है। सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस 5 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा विभाग के पत्र में कहा गया है कि आप सभी शिक्षकों का चयन राजकीय शिक्षक पुरस्कार- 2025 के लिए किया गया है। इस कारण श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह में पुरस्कार लेने को मौजूद रहें।
दोनों ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए भी दी थी दावेदारी
बताते चलें कि इस वर्ष जिले से पांच शिक्षकों ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए अपनी दावेदारी दी थी। इन पांच शिक्षकों में वेद प्रकाश और अनुपमा सिंह भी शामिल थीं। राजकीय मध्य विद्यालय बीहट (बरौनी) के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार काे गत वर्ष राजकीय शिक्षक पुरस्कार मिला था। इसी विद्यालय को लगातार दूसरी बार राजकीय पुरस्कार मिलने से विद्यालय के शिक्षकों में हर्ष व्याप्त है।
वेद प्रकाश को अब तक मिले सम्मान
वर्ष 2017 में जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सम्मान। वर्ष 2023 में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए जिला पदाधिकारी द्वारा सम्मानित। स्कूल में हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम के तहत बेहतर कार्य के लिए सिविल सर्जन द्वारा सम्मान।
अनुपमा सिंह को अब तक मिला पुरस्कार
शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव द्वारा ‘बेस्ट टीम लीडर अवॉर्ड (2007)’, ‘विमेन ऑफ बिहार अवॉर्ड (2014)’, ‘राजकीय जिला शिक्षक सम्मान (2016)’, ‘बेगूसराय नगर सम्मान (2015)’, ‘जिला शिक्षा गौरव सम्मान (2020)’, ‘जिला उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान (2024)’, ‘बिहार टीचर ऑफ द मंथ अवॉर्ड (2025)’ तथा इस वर्ष ‘प्रभात खबर’ द्वारा प्रदत्त ‘अपराजिता सम्मान’।
शिक्षा विभाग की ओर से चयनित शिक्षकों की सूची पढ़ने के लिए नीचे क्लिक करें
Letter no-870 Dated-03-09-2025
दोनों को मुबारकबाद. अनुपमा के लिए मुझे गर्व हो रहा है