बेगूसराय | बेगूसराय के रतन चौक बीहट में मंगलवार की सुबह ऑटो और कार की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वाले सभी ऑटो में सवार थे। वहीं कार में बैठे 3 लोग घायल हैं। मिली जानकारी के अनुसार सभी हाथीदह जंक्शन से बेगूसराय के लिए ऑटो पर सवार हुए थे। एनएच 31 रतन चौक के पार कार और ऑटो में टक्कर हो गई। ऑटो में कुल 11 लोग सवार थे।
इन लोगों की हादसे में गई जान
मरने वालों में शाम्हो थाना क्षेत्र के बिजुलिया गांव के 35 वर्षीय सिंटू कुमार, नालंदा के पुआरी गोनामा गांव निवासी 26 वर्षीय सुनील पाठक के पुत्र विक्की पाठक, बखरी थाना क्षेत्र के छोटी मौजी निवासी 22 वर्षीय अमनदीप कुमार, गढ़पुरा थाना क्षेत्र के कुंवरटोल निवासी 24 वर्षीय नीतीश कुमार एवं छौड़ाही के बेंगा गांव निवासी स्व. रामाकांत दास के 25 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार रजनीश के रूप में हुई है। सभी मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया गया है। वहीं घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
तीन मृतक शादी में शामिल होने जा रहे थे
जानकारी के मुताबिक ये सभी हाथीदह स्टेशन पर दिल्ली से आने वाली ट्रेन विक्रमशिला से उतरे थे। मृतक सिन्टू दिल्ली में ड्राइवर की नौकरी करते थे। कल उनके साढू की लड़की की शादी थी। विक्की पाठक दिल्ली एम्स में कैंसर विभाग में नौकरी करता था। कल उसकी साली की शादी थी। वह समारोह में शामिल होने अपने ससुराल मटिहानी जा रहा था। वहीं अमनदीप एवं गौतम पटना से लौट रहे थे। दोनों आपस में भाई हैं। पांचवां मृतक गौतम ओडिसा में टाइल्स का काम करता था। 11 जुलाई को उसके भाई की शादी है, उसमें शामिल होने के लिए जा रहा था।
