बेगूसराय | केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की ओर से होने वाली सिपाही (प्रचालक) प्रतियोगिता परीक्षा के स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में सभी केन्द्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, प्रेक्षकों एवं संबंधित पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा संचालन से संबंधित सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परीक्षा का शेड्यूल
- परीक्षा की तिथि :- 28 जून 2026
- कुल परीक्षा केंद्र :- 8
- परीक्षा समय :- दोपहर 12:00 से 2:00 बजे तक
- रिपोर्टिंग टाइम :- पूर्वाह्न 11:00 बजे
(नोट :- 11 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं)
सभी परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल जैमर स्थापित
परीक्षा की पारदर्शिता के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल जैमर स्थापित किए जा रहे हैं। परीक्षा के दिन पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 02:45 बजे तक जैमर सक्रिय रहेंगे। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन, लाइव फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा गतिविधियों की लाइव निगरानी जिला नियंत्रण कक्ष एवं पर्षद के नियंत्रण कक्ष से की जाएगी।
परीक्षार्थियों को विशेष पेन दिया जाएगा
जिला पदाधिकारी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के अंदर अभ्यर्थियों को स्वयं का पेन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें ओएमआर उत्तर-पत्रक के साथ निर्धारित विशेष पेन उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी तथा उड़नदस्ता दल की प्रतिनियुक्ति की गई है। बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता, बेगूसराय सहित सभी संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।








