- साहेबपुर कमाल में कृषि विभाग की छापेमारी
- 500 बोरा जिंक और 300 खाली बोरे भी मिले
बेगूसराय | जिले में अवैध और नकली उर्वरक के कारोबार के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को साहेबपुर कमाल प्रखंड में छापेमारी कर करीब 700 बोरा अवैध उर्वरक जब्त किया गया। मौके से 500 बोरा जिंक और 300 खाली बोरे भी मिले। यहां डीएपी, पोटाश सहित अन्य उर्वरकों के अवैध निर्माण और भंडारण की आशंका है।
कृषि विभाग को बेगूसराय-खगड़िया सीमा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के निकट हीराटोल और रघुनाथपुर करारी इलाके में अवैध उर्वरक कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद जिला कृषि पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसमें अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक और किसान सलाहकार शामिल थे। टीम पुलिस बल और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान संबंधित परिसर में ताला बंद मिला। इसके बाद विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत ताला खुलवाकर तलाशी ली गई। छापेमारी में करीब 700 बोरा अवैध उर्वरक बरामद हुआ। इसके अलावा पांच किलोग्राम के 500 बोरा जिंक, 300 खाली बोरे और उर्वरक निर्माण व पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाला रंग भी जब्त किया गया। मौके से अन्य सामग्री भी मिली है।








