- विजिलेंस ने प्रखंड मुख्यालय के पास फोटोस्टेट दुकान के नजदीक बिछाया गया जाल
- बरामद नोटों के नंबर का मिलान कर निगरानी टीम ने ASI चंदन झा को दबोचा
- भागलपुर कोर्ट में पेशी, डीएसपी ने की पुष्टि, निगरानी थाना में दर्ज हुआ मामला
बेगूसराय | जिले में निगरानी विभाग (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। साहेबपुरकमाल थाने में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (ASI) चंदन झा को 29 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अमित कुमार ने अपनी i20 कार किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी थी। कुछ दिनों बाद वही गाड़ी शराब तस्करी के एक मामले में पकड़ी गई। इस मामले में पुलिस ने अमित कुमार का नाम भी जोड़ दिया। अमित का कहना था कि वह गाड़ी पहले ही बेच चुके थे। उनका शराब तस्करी से कोई संबंध नहीं था। बावजूद थाने से उनका नाम हटाने के लिए ASI चंदन झा लगातार पैसों की डिमांड कर रहा था।








