बेगूसराय | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के टैलेंट हंट कार्यक्रम में चयनित सामंत प्रधान को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
गढ़हरा रेलवे मार्केट निवासी स्वर्गीय महात्मा श्री शीतल दास के पौत्र सामंत प्रधान के प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने पर स्थानीय लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, साहित्यकारों और कांग्रेस समर्थकों ने खुशी जताई। उन्होंने सामंत प्रधान को बधाई देते हुए उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन में सफलता की कामना की। इस मौके पर जलेस के प्रदेश सचिव कुमार विनिताभ, कांग्रेस नेता शिवप्रकाश गरीबदास, कवि संजीव फिरोज, प्रवीण प्रियदर्शी, विनोद बिहारी, वरुण झा और सुमित घोष समेत कई लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रवक्ता के रूप में सामंत प्रधान कांग्रेस की विचारधारा, संविधान, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से जनता के बीच रखेंगे।








