- जिला समन्वय समिति की बैठक में योजनाओं की हुई समीक्षा
- 4,480 आवेदन लंबित, डीएम ने समय-सीमा में निपटारे का दिया निर्देश
- 20 नवंबर को भूमिहीनों को मिलेगा वास-भूमि का पर्चा
बेगूसराय | जिले में सरकारी योजनाओं की प्रगति और आम लोगों की शिकायतों के निष्पादन को लेकर सोमवार को जिला समन्वय समिति की समीक्षा बैठक हुई। समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में वास-भूमि आवंटन, कायाकल्प अभियान, महादलित विकास शिविर, जनशिकायतों और छठ घाटों की सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
अभियान बसेरा-2 की समीक्षा के दौरान डीएम ने 20 नवंबर 2026 को चिह्नित भूमिहीन परिवारों के बीच वास-भूमि का पर्चा वितरित करने की तैयारी पूरी करने को कहा। सभी अंचल अधिकारियों को पात्र परिवारों के अभिलेख तैयार करने और जरूरी प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया गया। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारियों के आवास निर्माण के लिए सरकारी जमीन की उपलब्धता की भी समीक्षा हुई। जिन प्रखंडों और अनुमंडलों में अब तक जमीन चिह्नित नहीं हुई है, वहां प्राथमिकता के आधार पर भूमि चिह्नित करने की जिम्मेदारी अपर समाहर्ता को दी गई।
महादलित शिविरों में मिले 15,121 आवेदन
प्रत्येक गुरुवार को महादलित टोलों में लगने वाले श्री गुरु संत रविदास विकास शिविरों की समीक्षा में आवेदन निष्पादन की स्थिति सामने आई। अधिकारियों ने बताया कि 27 अगस्त से 5 नवंबर 2026 तक जिले में कुल 15,121 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 10,641 का निष्पादन किया गया है। निष्पादन की दर 70.4 प्रतिशत है। शेष 4,480 आवेदन लंबित हैं। डीएम ने राशन कार्ड, वास-भूमि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने को कहा।









