छौड़ाही (बेगूसराय) | छौड़ाही थाना क्षेत्र के नारायण पीपर पंचायत में बुधवार को 10वीं की छात्रा की हत्या कर शव को कब्रिस्तान में बांस से लटका दिया गया। बताया जाता है कि 16 वर्षीया किशोरी शौच के लिए बहियार गई थी। उसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंंची और छानबीन में जुट गई। शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया गया। पीड़ित परिवार मुस्लिम समुदाय से है।

छात्रा को निर्मम तरीके से मारा
छात्रा की मां ने पुलिस को बताया कि दिन के करीब 11 बजे बेटी शौच के लिए बहियार गई थी। काफी देर बाद भी जब वह नहीं लौटी तो उसे ढूंढना शुरू किया। दोपहर करीब 1 बजे कुछ ग्रामीणों ने बताया कि बेटी का शव कब्रिस्तान में बांस से लटका है। हमलोग मौके पर गए तो देखा कि बेटी के गले में फंदा लगा था और मुंह से खून निकल रहा था। उसकी निर्मम तरीके से हत्या की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि शव का आधा हिस्सा जमीन को छू रहा था और शरीर पर चोट के भी निशान हैं।
गुस्से में हैं ग्रामीण
घटना के बाद से ग्रामीण गुस्से में हैं। उनका कहना है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लटका दिया गया है। वहीं मंझौल डीएसपी नवीन कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे।
