- वैश्विक समरसता सांस्कृतिक सम्मेलन, नई दिल्ली में मिला सम्मान
- नेपाल के पूर्व उप प्रधानमंत्री उपेंद्र यादव रहे मुख्य अतिथि
बेगूसराय | अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर रविवार को नई दिल्ली स्थित कृष्ण मेनन सभागार में अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच की ओर से सरस्वती संस्कृत उच्च विद्यालय, बेगूसराय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार को वैश्विक शिक्षक रत्न अवार्ड-2024 दिया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा समाजसेवा, सांस्कृतिक एवं नवाचारों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर मिला। समारोह के मुख्य अतिथि नेपाल के पूर्व उपप्रधानमंत्री उपेंद्र यादव थे। समारोह की अध्यक्षता नेपाल लोकसभा के उपाध्यक्ष इंदिरा राना मगर ने की।
संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत को वीटो पावर के साथ स्थायी सदस्यता मिले: प्रशांत
सम्मान मिलने के बाद डॉ. प्रशांत कुमार ने प्रजेंटेशन भी दिया। विचार प्रजेंटेशन में कहा कि भारत को संयुक्त राष्ट्र संघ में वीटो पावर के साथ स्थायी सदस्यता मिलनी चाहिए। जेनेवा कन्वेंशन 1949 का पालन होना चाहिए। भारत आज उस ऊंचाई की ओर बढ़ रहा है वह निश्चित रूप से इसे एक बार फिर विश्व गुरु बनाएगा। इसके लिए शिक्षा भी संस्कार सहित होनी चाहिए। संस्कारयुक्त शिक्षा हमारी वैदिक परंपरा रही है। परंपरा का निर्वहन हमें संबल तो देता ही है, कर्तव्यपरायण भी बनाए रखता है।
