- राज्य स्तरीय विद्यालय ताइक्वांडो बालिका में 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया
- पटना को दूसरा और शेखपुरा को मिला तीसरा स्थान
बेगूसराय | बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय विद्यालय ताइक्वांडो बालिका (अंडर -14/17/19) प्रतियोगिता 2024-25 का समापन MRJD COLLEGE बेगूसराय में हुआ। बेगूसराय ने प्रतियोगिता को जीत ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता में पटना की टीम दूसरे और शेखपुरा की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से लगभग 400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। समापन सत्र में जिला खेल पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता ऐश्वर्य कश्यप ने विजेता और उपविजेता टीम के साथ-साथ तीसरे स्थान पर रही टीम को भी सम्मानित किया। पूरे बिहार की टीमों ने बेगूसराय की मेजबानी को सराहा।
बेटियों की आत्म सुरक्षा से जुड़ा खेल है ताइक्वांडो
पुरस्कार वितरण समारोह में खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए ऐश्वर्य कश्यप ने प्रतियोगिता की मेजबानी बेगूसराय को मिलने पर बिहार सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आप सभी बिहार के लिए पदक जीतें। उन्होंने बताया कि केंद्र और बिहार सरकार खेल और खिलाड़ियों के साथ हमेशा खड़ी है। खेल विभाग का प्रयास है कि खिलाड़ियों को किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो। बेटियां शक्ति स्वरूपा हैं। ताइक्वांडो उनके आत्म सम्मान और आत्म सुरक्षा से जुड़ा खेल है।
अब राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता होगी
खेल संयोजक विश्वजीत कुमार ने बताया कि बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में 26 अक्टूबर से यह प्रतियोगिता हुई। बेगूसराय 6 राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। अब तक की प्रतियोगिता शानदार ढंग से सफल रही है। अब राज्य स्तरीय विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होने वाला है। जिसमें पूरे बिहार के क्रिकेट खिलाड़ी भाग लेंगे।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता को सफल बनाने में जिला ताइक्वांडो संघ बेगूसराय के जिला सचिव नन्दू कुमार, रेफरी सुजीत कुमार, सादान प्रवीण एवं जिले के शारीरिक शिक्षक एवं ताइक्वांडो कोच मणिकांत का विशेष सहयोग रहा। आयोजन को सफल बनाने में जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, शारीरिक शिक्षक अरविंद कुमार, कन्हैया भारद्वाज, चिरंजीव ठाकुर, अरुणभ, पंकज, चंद्र कुमार, पल्लवी कुमारी, पिंकी कुमारी आिद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अंडर-19 के किस भार वर्ग में कौन चैंपियन
40 kg : जमुई की कोमल कुमारी को गोल्ड
42 kg : बेगूसराय की मिली कुमारी को गोल्ड
44 kg : शेखपुरा की माही मेहता को गोल्ड
46 kg : बेगूसराय की अमृता झा को गोल्ड
49 kg : पटना की आयुषी राजेश को गोल्ड
52 kg : बेगूसराय की आस्था कुमारी को गोल्ड
55 kg : सारण की अर्पणा कुमारी को गोल्ड
59 kg : सारण की अर्पणा कुमारी को गोल्ड
63 kg : पटना की स्नेहा कुमारी को गोल्ड
68 kg : पटना की मृदुला ठाकुर को गोल्ड
68 kg से ज्यादा : शताक्षी झा पटना चैंपियन बनी।
