- बीटीएमयू ने मनाया हीरक जयन्ती समारोह, 60 वर्ष का लोगो किया सार्वजनिक
- श्रमिकों के सम्मानजनक मानदेय के लिए आन्दोलन करेगी एटक

बेगूसराय | श्रमिक कड़ी मेहनत करके देश को चलाते हैं फिर भी उन्हें उनके वाजिब अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए अभी तक आठवां वेतन आयोग का गठन भी नहीं किया गया है। असंगठित श्रमिकों की स्थिति बेहद चिन्ताजनक है। उन्हें न्यूनतम मजदूरी के बदले सम्मानजनक मजदूरी मिलनी चाहिए। एटक, श्रमिकों के हित व अधिकार के लिए बहुत जल्द देशव्यापी आन्दोलन करेगी। ये बातें एटक की राष्ट्रीय महासचिव अमरजीत कौर ने बरौनी तेलशोधक मजदूर यूनियन (BTMU) की हीरक जयंती के मौके पर आयोजित समारोह में कहीं। अमरजीत कौर ने श्रमिकों से आह्वान किया कि अधिकार के लिए संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ट्रेड यूनियन ने मानव सभ्यता सिखाई। मनुष्य को जानवर से इंसान बनाने का कार्य किया। ट्रेड यूनियन हमेशा से ही श्रमिकों की सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है।
कर्मचारियों की सच्ची हितैषी है BTMU : संजीव कुमार
बीटीएमयू के अतिरिक्त महासचिव संजीव कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की सच्ची हितैषी यूनियन है बीटीएमयू। कर्मचारियों के मान-सम्मान, अधिकार के लिए हमेशा संघर्ष करती है। उन्होंने कहा कि टाउनशिप के समग्र विकास व कर्मचारियों के सुविधा विस्तार के लिए बीटीएमयू प्रयत्नशील है। कार्यकारी अध्यक्ष रजनीश रंजन ने बीटीएमयू के इतिहास से परिचय कराया। उन्होंने बीटीएमयू के वर्तमान स्वरूप, संगठन व कार्यप्रणाली की विस्तार से चर्चा की।
बीपीएससी छात्र आंदोलन पर क्या कुछ कहा :-
केक काटकर BTMU की हीरक जयंती मनाई
कार्यक्रम के दौरान एटक की राष्ट्रीय सचिव उषा सहनी, भाकपा के जिला सचिव अवधेश राय, एटक के प्रदेश अध्यक्ष गजफनर नवाब, प्रदेश महासचिव अजय कुमार, बीटीएमयू के अतिरिक्त महासचिव संजीव कुमार, वरीय उपाध्यक्ष संजय प्रसाद सिंह, उपमहासचिव साइमन मुर्मू, संगठन सचिव भोगेंद्र कुमार कमल, सहायक महासचिव मो. अयूब, रामप्रीत सिंह ने केक काटकर BTMU के 60 वर्ष के संघर्ष के सफर को मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बरौनी तेलशोधक मजदूर यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष रजनीश रंजन व वरीय उपाध्यक्ष संजय प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से किया। मंच संचालन बीटीएमयू के संगठन सचिव भोगेंद्र कुमार कमल तथा मीडिया प्रभारी वागीश आनंद ने किया।
