बेगूसराय | 4 से 6 जुलाई तक चलने होने वाली प्रथम बिहार राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष हैंडबॉल टूर्नामेंट की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। टूर्नामेंट का आयोजन रमजानपुर स्थित गंगा ग्लोबल परिसर में किया गया है। हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ बेगूसराय के बाबूल कुमार ने बताया कि टूर्नामेंट में 22 जिले के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। शुक्रवार को टूर्नामेंट का उद्घाटन सुबह 10 बजे होगा। गुरुवार को नगर विधायक कुंदन कुमार ने ट्रॉफी का अनावरण किया।
युवा खूब खेलें, खूब आगे बढ़ें : विधायक कुंदन
ट्रॉफी अनावरण के बाद नगर विधायक कुंदन कुमार ने कहा कि जिले के युवा ऊर्जावान हैं। ऊर्जा को सही दिशा मिल जाए तो उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है और सही राह नहीं मिलने पर भविष्य चौपट हो जाता है। युवा खूब खेलें और खूब आगे बढ़ें। पिछले महीने बेगूसराय में खेलो इंडिया यूथ गेम्स और मोइनुल हक ट्राॅफी के तहत फुटबॉल प्रतियोगिता हुई थी। बेगूसराय में लगातार विकासात्मक कार्य हो रहे हैं।
क्या रहेगा शेड्यूल : उद्घाटन वाले दिन एक ही शिफ्ट में प्रतियोगिता होगी। जबकि उसके बाद दो दिनों तक दो शिफ्ट सुबह 6 से 10 बजे और दोपहर बाद 3 बजे से रात 9 बजे तक प्रतियोगिता खेली जाएगी।
