- GGIMS में अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
- छात्रों ने कविता, भाषण और प्रस्तुतियों से महिलाओं की महत्ता को दर्शाया
बेगूसराय | महिलाएं परिवार ही नहीं बल्कि समाज में विकास कार्यों की धूरी भी होती हैं। आदिकाल से लेकर अब तक के कालखंड को देखें तो हमारे जीवन के हर क्षेत्र में महिलाओं की उपस्थिति आवश्यक है। उनके बिना हमारी सभ्यता, संस्कृति सबकुछ अधूरी है। ये बातें प्रो. अमित कुमार ने गंगा ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने ‘हमारे जीवन में महिलाओं का महत्व’ विषय पर कहा कि महिलाएं मैनेजमेंट गुरु होती हैं। उनमें हर परिस्थितियों के अनुसार मैनेज करने का गुण नैसर्गिक होता है।
महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला
प्रो. विवेक कुमार ने बताया कि किस प्रकार महिलाओं की उपस्थिति हमारे जीवन के हर क्षेत्र में आवश्यक है। प्रो. काजल ने समाज में महिलाओं से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रकाश डाला और उनके समाधान पर चर्चा की। प्रो. राहुल कुमार ने महिला सशक्तीकरण पर सुंदर कविता प्रस्तुत की। जबकि प्रो. ऋषव और प्रो. राजेश ने महिलाओं की उपलब्धियों और उनके योगदान पर अपने विचार रखे।
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की सराहना
इस अवसर पर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के 10 वर्ष पूरे होने पर विशेष चर्चा की गई। अभियान की सफलता और इससे होने वाले सकारात्मक प्रभावों को रेखांकित किया गया। डॉ. सबाहत अंजुम ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने समाज में महिला सशक्तीकरण की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की शपथ ली
कार्यक्रम की एंकरिंग बीसीए की छात्राएं सपना और शुभांगिनी ने की। कार्यक्रम संयोजक प्रो. विवेक कुमार और प्रो. सबाहत अंजुम थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और शिक्षकों ने भाग लिया और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की शपथ ली।
