Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

Download App from

दिनकर तुलसीदास हैं तो शक्र कबीर : रामाज्ञा शशिधर

सिमरिया-2 पंचायत के रूपनगर में मंगलवार को कवि रामावतार शक्र की 38वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर उनके काव्य संग्रह ‘श्रमदेवता’ का विमाेचन भी हुआ।
  • जनसहयोग से प्रकाशित काव्य संग्रह ‘श्रमदेवता’ विमोचन

बेगूसराय (बीहट) | अगर राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर तुलसीदास हैं तो कवि रामावतार यादव शक्र कबीर हैं। कवि रामावतार शक्र की कविताओं में किसान-मजदूरों की पीड़ा है। वे किसान-मजदूरों के वास्तविक गायक हैं। ये बातें बीएचयू में हिन्दी के प्रोफेसर रामाज्ञा राय शशिधर ने सिमरिया-2 पंचायत के रूपनगर में कही। अवसर था कविवर रामावतार यादव शक्र की 38वीं पुण्यतिथि का।
प्रो. शशिधर ने कहा कि शक्र जी की संकलित कविताओं के संग्रह को ‘श्रमदेवता’ का रूप देना सुकून देता है। शक्र की हर कविता उनकी आत्मकथा है। शक्र हाशिए की आवाज हैं।कारखानों में होने वाले दोहन और जमींदारों के शोषण से पीड़ित हर तबके की आवाज हैं। उनकी कविताओं में दिनकर, निराला, पंत की छाप स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि अगर शक्र की कविताओं काे सही तरीके से संकलित किया जाए तो बेगूसराय जनपद के परिप्रेक्ष्य में अंग्रेजी शासन काल से लेकर अब तक करीब 100-150 साल का इतिहास सामने लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मेरी मंशा है कि बीएचयू से शक्र जी पर शोध हो। मेरी कोशिश है कि जल्द से जल्द शक्र समग्र को लोगों के बीच लाऊं। रामाज्ञा राय शशिधर और तेघड़ा विधायक रामरतन सिंह ने आयोजन समिति को 5000-5000 रुपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा।

डॉ. रामाज्ञा राय शशिधर को सम्मानित करते ग्रामीण।
ग्रामीण संवेदना के कवि हैं शक्र: प्रो. चंद्रभानु

एलएनएमयू दरभंगा के पूर्व मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो. चंद्रभानु प्रसाद सिंह ने कहा कि शक्र जी की कविताएं समय और समाज के दर्द व बेचैनी को दर्शाती है। मजदूर अंग्रेजी साम्राज्य में सर्वाधिक प्रताड़ित थे। उनका दोहरा शोषण होता था। एक तरफ अंग्रेज और दूसरी तरफ जमींदार, मजदूरों का शोषण करते थे। मजदूरों के शोषण को कवि शक्र ने न केवल देखा था बल्कि भोगा भी था। शक्र जी ग्रामीण संवेदना के कवि हैं। वे श्रमिक जीवन की संपूर्णता के गायक हैं। इसी कारण सिर्फ शोषण-उत्पीड़न ही नहीं उनके जीवन-संगीत को भी स्वर देते हैं। उनकी काव्य कृति ‘अंतर्जलन’ में युगानुरूप उत्तर छायावादी स्वर अनुस्यूत हैं। इन्होंने सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, खुदीराम बोस, कल्पना दत्त आिद क्रांतिकारियों पर गद्य और पद्य दोनों में रचनाएं की हैं।

पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने ‘श्रमदेवता’ पर परिचर्चा को आगे बढ़ाते हुए कहा कि रामावतार शक्र की कविताएं आम जनमानस की कविता है। उन्होंने शक्र जी की कविताओं की तुलना नागार्जुन, दिनकर, निराला, पंत की कविताओं से की।

कवि रामावतार यादव शक्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद अतिथि।
शक्र की कविताओं में न तो बनावट और न ही कृत्रिम बसावट : हिमांशु शेखर

परिचर्चा में भाग लेते हुए हिमांशु शेखर ने कहा कि कवि जब यथार्थ का चित्रण करता है तो कविता स्वभावश अंत:स्थल तक उतरती चली जाती है। कविता खास नहीं आम जनमानस की हो जाती है। कवि रामावतार यादव शक्र की शब्दमालाएं भी ऐसी ही हैं। शक्र की कविताओं में न तो बनावट है और न ही कृत्रिम बसावट। खेत-खलिहान की बाते हैं। किसान-मजदूरों का दर्द है। उनकी कविताओं में अन्न उपजाने का हर्ष है तो किसान की बीमार पत्नी और कंकाल सरीखे बच्चों का क्षोभ भी।

दूसरे सत्र में आयोजित हुआ कवि सम्मेलन

परिचर्चा में NTPC के उप प्रबंधक उमेश निगम, तेघड़ा विधायक रामरतन सिंह, राजकिशोर सिंह और विश्वम्भर प्रसाद सिंह ने भी कवि शक्र की रचनाओं पर प्रकाश डाला। इससे पहले पूर्व अतिथियों ने रामावतार शक्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथियों ने ‘श्रमदेवता’ काव्य संग्रह का विमोचन किया। संयोजक राहत रंजन ने कवि शक्र के बारे में परिचय देते हुए विषय प्रवेश कराया। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार प्रवीण प्रियदर्शी ने जबकि अध्यक्षता दिनकर पुस्तकालय के अध्यक्ष विश्वम्भर प्रसाद सिंह ने की। स्वागत भाषण पैक्स अध्यक्ष रामनुज राय ने दिया। समिति ने अंगवस्त्र प्रदान कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें अशांत भोला, प्रफुल्ल मिश्र, रामा मौसम, सच्चिदानंद पाठक समेत कई कवियों ने भाग लिया।

newsvistabih
Author: newsvistabih

Leave a Comment

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

Digital marketing for news publishersHUF Registration Services In India

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: wetter in Indien morgen

राशिफल

error: Content is protected !!