बेगूसराय (मटिहानी) | हमारी सरकार में परिवार की जगह विकास को प्राथमिकता है। जब हमने 2005 में सीएम का पद संभाला तो कानून का राज्य स्थापित किया। बिहार की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल की व्यवस्था ठीक की। हमसे पहले की सरकार (राजद और कांग्रेस) में लोग घर से बाहर नहीं निकलते थे। उन लोगों ने अपनी पत्नी, बेटा, बेटी को सिर्फ आगे बढ़ाया। ये बातें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को मटिहानी के रचियाही में चुनावी सभा में कही। उन्होंने यहां एनडीए समर्थित सभी सातों उम्मीदवार के लिए वोट मांगे। उन्होंने अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने का वायदा किया। कहा कि हमने सभी वर्गों के विकास के लिए बिना भेदभाव का काम किया है। हमने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल के अलावा 125 यूनिट बिजली फ्री दी है। वृद्धा पेंशन भी 400 से 1100 रुपए कर दिए।

देश की प्रगति में बिहार अग्रणी
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की प्रगति में बिहार अग्रणी है। केंद्र की सरकार बिहार को बहुत मदद कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार के विकास के प्रति विशेष रूप से ध्यान हमेशा रहता है। हमने पंचायती राज और नगर निगम में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। 2013 में बिहार पुलिस की नौकरी में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया।

रोजगार की बात से युवा व महिलाओं को लुभाया
सीएम ने कहा कि बिहार में पहले जीविका दीदी 1 करोड़ 40 लाख थी। जो 2024 में बढ़कर 3 करोड़ 65 लाख हो गईं। समूह में लगातार वृद्धि हो रही है। मैंने बिहार में 10 लाख लोगों को नौकरी और 10 लाख लोगों को रोजगार दिया। यह संख्या बढ़कर अब 40 लाख हो गई है।

सभा में ये लोग थे मौजूद
इससे पूर्व सीएम का स्वागत विशाल माला पहनाकर किया गया। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य संजय झा, पूर्व एमएलसी दिलीप चौधरी, पूर्व एमएलसी भूमिपाल राय, नगर निगम की मेयर पिंकी देवी, पूर्व मेयर संजय कुमार, मटिहानी प्रत्याशी राजकुमार सिंह, बेगूसराय प्रत्याशी कुंदन कुमार, पूर्व विधान पार्षद रामबदन राय, लोजपा (आर) के जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार पासवान, हम के जिलाध्यक्ष पीयूष कुमार आदि मंच पर मौजूद थे।

संबंधित समाचार
बिहार में न तो CM और न ही दिल्ली में PM का पद खाली : अमित शाह











