- डीईओ ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को लिखा पत्र
- सभी शिक्षकों से 7 दिन के अंदर मांगा स्पष्टीकरण
- ई शिक्षा कोष एप से ही बनानी है हाजिरी
विजय कुमार झा/बेगूसराय
जिले के 1121 शिक्षक ई शिक्षा एप पर गैर हाजिर हैं जबकि इन लोगों ने मार्क ऑन ड्यूटी लगा रखी है। यह मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने ऐसे सभी शिक्षकों से सात दिनों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। अंदरखाने चर्चा है कि जब शिक्षा विभाग का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी शिक्षक को प्रतिनियोजित नहीं करना है तो फिर जिले में प्रतिनियोजन कैसे हो रहा?
बताते चलें कि सभी शिक्षकों को ई शिक्षा कोष एप से ही अपनी उपस्थित बनानी है। बावजूद 1121 शिक्षकों ने मार्क ऑन ड्यूटी उपस्थिति दर्ज कराई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से कहा है कि प्रतिनियुक्त शिक्षक से स्पष्टीकरण मांग कार्यालय को भिजवाएं। साथ्ह ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि इन शिक्षकों की ड्यूटी किसके आदेश पर लगाई गई।
कितने शिक्षक किस कार्य में लगे
- 220 शिक्षक : ऑफिस कार्य
- 51 शिक्षक : परीक्षा ड्यूटी
- 28 शिक्षक : चुनाव कार्य
- 749 शिक्षक : शिक्षण कार्य
- 73 शिक्षक : अन्य कार्य
क्या विभाग को पता नहीं, शिक्षक कहां प्रतिनियोजित?
डीईओ कार्यालय की मानें तो 220 शिक्षक किसी कार्यालय में प्रतिनियुक्ति हैं तो वहीं चुनाव कार्य संपन्न होने के बावजूद 28 शिक्षक चुनाव कार्य के नाम पर प्रतिनियुक्ति हैं। वहीं 73 शिक्षक अन्य कार्य में लगे हैं। अब सवाल उठता है कि अन्य कार्य का क्या अर्थ? मतलब यह कि विभाग को भी यह नहीं पता है कि शिक्षक कहां प्रतिनियुक्त हैं? दूसरा सवाल यह कि प्रखंड स्तर से लेकर जिला स्तर तक शिक्षकों के प्रतिनियोजन के इस खेल में कौन-कौन शामिल हैं। हालांकि डीईओ कार्यालय को भी पता है कि प्रतिनियोजन चल रहा है। वहीं इस संबंध में जब कार्यालय से जानकारी ली जाती है तो बताया जाता है कि किसी भी तरह का प्रतिनियोजन नहीं किया जा रहा। अब फिर सवाल उठता है कि आखिरकार 1121 शिक्षक कहां हैं? अब यह तभी स्पष्ट हो पाएगा जब डीईओ कार्यालय को स्पष्टीकरण मिलेगा। कई शिक्षक ऐसे हैं जो राजनीतिक दबाव बनाकर अपना प्रतिनियोजन करवाते हैं। कई ऐसे भी हैं जो अधिकारियों से साठगांठ कर प्रतिनियोजन कराने में सफल रहते हैं। जबकि जरूरतमंद या जो गंभीर रूप से बीमार हैं, ऐसे शिक्षक प्रतिनियोजन से दूर रह जाते हैं।










