बेगूसराय | बेगूसराय राजकीय अयोध्या शिव कुमारी आयुर्वेद महाविद्यालय बेगूसराय में रविवार को स्वर्णप्रशन अभियान के तहत 214 बच्चों को स्वर्णप्रशन की खुराक पिलाई गई। महाविद्यालय प्राचार्य डॉक्टर श्रीनिवास त्रिपाठी के नेतृत्व में चल रहे इस प्रोग्राम का आयोजन महाविद्यालय के उपाधीक्षक डॉक्टर दिलीप कुमार वर्मा ने किया। डॉ. वर्मा ने इस अवसर पर बताया कि महाविद्यालय द्वारा चलाए जा रहे इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम में दूर दराज के बच्चे आकर स्वर्ण प्राशन की खुराक प्राप्त करते हैं।
प्राचार्य डॉक्टर श्रीनिवास त्रिपाठी के नेतृत्व में स्वर्णप्राशन कार्यक्रम के संचालन हेतु व्यापक कार्य योजना बनाई जाती है, जिसके तहत महाविद्यालय के रस शास्त्री डॉक्टर अनिल कुमार एवं डॉ प्रमोद कुमार के नेतृत्व में शहद, स्वर्ण भस्म एवं अन्य औषधि का मिश्रण कर 8 घंटे तक लगातार मर्दन कर स्वर्णप्राशन की खुराक बनाई जाती है। डॉ. वर्मा ने बताया कि यह दवा महाविद्यालय में ही तैयार की जाती है इसलिए यह उच्च गुणवत्तापूर्ण होती है। कार्यक्रम के संचालन के लिए चिकित्सक डॉक्टर किश्वर सुल्ताना के द्वारा सभी बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें स्वर्णप्राशन की खुराक के लिए उपयुक्त पाया गया। मोहम्मद जहीर आलम, पंकज कुमार सिंह शैलेंद्र कुमार सिंह, मुकेश कुमार सिंन्हा, संजू कुमारी, रंजना कुमारी, संगीता कुमारी, डॉली सिंन्हा एवं प्रियंका कुमारी के सहयोग से यह कार्यक्रम संपन्न हो सका।










