- प्रतापगढ़ में तड़के तीन बजे हुआ हादसा, गहरी नींद में सो रहा था परिवार
- दो मासूम बच्चों समेत पति-पत्नी और बेटे-बहू ने गंवाई जान
- दो घंटे चला रेस्क्यू, सुरक्षित निकाले गए 28 वर्षीय अमन का इलाज जारी
प्रतापगढ़ | उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश जानलेवा साबित हुई है। बुधवार देर रात नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली वार्ड में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां करीब 100 साल पुराना एक जर्जर मकान अचानक ढह गया। मलबे में दबकर एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल है। हादसा रात करीब दो से तीन बजे के बीच हुआ। उस समय पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। उन्होंने तुरंत पुलिस और प्रशासन को हादसे की सूचना दी।
दो घंटे तक चला बचाव अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मोर्चा संभाला। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू हुआ। यह रेस्क्यू आपरेशन करीब दो घंटे तक चला। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
छह लोगों की गई जान, एक घायल
अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में मकान मालिक 60 वर्षीय प्रमोद श्रीवास्तव शामिल हैं। उनकी 55 वर्षीय पत्नी रीता श्रीवास्तव की भी मौत हो गई। 25 वर्षीय पुत्र नितिन और 23 वर्षीय छोटी बहू माधुरी ने भी जान गंवा दी। हादसे में माधुरी के दो मासूम बच्चों की भी मौत हो गई। इनमें दो वर्षीय माधव और महज चार माह का अद्विक शामिल है।
आज दिनांक 06.08.2026 को रात्रि लगभग 02:00 बजे थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम महुली में एक जर्जर मकान गिरने की घटना हुई, जिसमें 06 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई, जबकि 01 व्यक्ति सुरक्षित है। सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। सभी मृतकों के शवों को… pic.twitter.com/vnWogHUXhx
— PRATAPGARH POLICE (@pratapgarhpol) August 5, 2026
गांव में पसरा मातम
हादसे में 28 वर्षीय अमन बच गए हैं। हालांकि, वह घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। पुलिस ने सभी छह शवों को कब्जे में ले लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से पूरे महुली गांव में मातम पसरा हुआ है।










