बेगूसराय | प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गुरुवार को जिले में जिला और प्रखंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। कारगिल विजय सभा भवन में जिला स्तरीय मुख्य समारोह हुआ। सभी प्रखंड मुख्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें योजना के 66 लाभुकों को स्वीकृति पत्र दिया गया। 34,892 लाभुकों को बधाई पत्र मिला। वहीं, 10,153 लाभुकों को गृह प्रवेश के लिए प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सरकार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लक्ष्य आवंटित किया गया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सह प्रभारी जिला पदाधिकारी आकाश चौधरी, बेगूसराय विधायक कुन्दन कुमार, डीआरडीए निदेशक विवेक कुमार और बरौनी के प्रखंड विकास पदाधिकारी मौजूद रहे।

जिला समारोह में 43 लाभुक रहे मौजूद
जिला स्तरीय समारोह में चयनित 43 लाभुकों ने हिस्सा लिया। इनमें 12 लाभुकों को स्वीकृति पत्र दिया गया। 10 लाभुकों को बधाई पत्र मिला। वहीं, 21 लाभुकों को नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश के लिए प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई।
लाभुकों में दिखी खुशी
चाबी, स्वीकृति पत्र और बधाई पत्र मिलने पर लाभुकों में उत्साह दिखा। कार्यक्रम के दौरान खुशी का माहौल रहा। बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के आवासविहीन और कच्चे मकानों में रहने वाले पात्र परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।













