- सबसे अधिक मतदान सहरसा में 15.27 % हुआ।
- दूसरे स्थान पर बेगूसराय। यहां 14.60% वोटिंग हुई।
- पटना जिले में सबसे कम 11.22% मतदान
पटना | बिहार के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर पहले चरण का मतदान हो रहा है। सुबह सात बजे से 45341 मतदान केंद्रों पर शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे तक होगा। जबकि छह विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं जहां शाम 5 बजे तक वोट डाले जा सकेंगे।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 9 बजे 13.13 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे अधिक मतदान सहरसा में 15.27 % दर्ज किया गया। इसके बाद बेगूसराय में 14.60% वोटिंग हुई। मुजफ्फरपुर में 14.38%, वैशाली में 14.30%, खगड़िया में 14.15% और गोपालगंज में 13.97% मतदान हुआ। पटना जिले में सबसे कम मतदान प्रतिशत 11.22% दर्ज किया गया।
बताते चलें कि पहले चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। एक करोड़ 98 लाख 35 हजार 325 पुरुष, एक करोड़ 76 लाख 77 हजार 219 महिलाएं और 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा, 1, 00, 904 सर्विस वोटर भी इस चरण में वोट डालेंगे।

7 लाख वोटर पहली बार वोट डालेंगे
पहले चरण के मतदान में सात लाख 37 हजार 765 मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार मतदान करेंगे। इनमें से अधिक 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा वोटर है। वहीं 18 से 40 वर्ष के बीच के 1, 96, 27, 330 युवा मतदाता हैं। 3, 22, 077 दिव्यांग मतदाता और 5, 31, 423 वरिष्ठ नागरिक मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

गिरिराज सिंह ने किया मतदान
लखीसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के मतदान किया। उन्होंने सभी लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि हमलोग 121 में से 95 सीट जीतने जा रहे हैं। वहीं डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने भी मतदान किया। भाजपा ने उन्हें लखीसराय विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विरोधी वोटरों को धमका रहे हैं। लेकिन, मतदाता डरने वाले नहीं हैं।
पीएम मोदी बोले- पहले मतदान, फिर जलपान
पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि बिहार में आज लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है। विधानसभा चुनावों में इस दौर के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट डालने जा रहे राज्य के अपने सभी युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!

वोट डालने जा रहे हैं तो आपके पास ये दस्तावेज होने चाहिए












