बेगूसराय | स्थानीय गांधी स्टेडियम में गुरुवार को राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल फुटबॉल अंडर-19 बालक का फाइनल मैच खेला गया। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल में मुंगेर ने मगध को 2-0 से हराकर खिताब जीता। फुटबॉल मैच का उद्घाटन उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बिट्टू सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि आप लोग निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहें।

मुंगेर की टीम ने बेहतर तालमेल दिखाई
फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही मुंगेर की टीम हावी रही। खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल दिखाया। मैच का पहला गोल मंुगेर की ओर से साहेब कुमार ने किया। इस गोल से मुंगेर को शुरुआती बढ़त मिली। इस रोमांचक मैच में मगध टीम ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। खेल समाप्ति से पहले मुंगेर की ओर से रवि कुमार मुर्मू ने एक और गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। यह बढ़त अंत तक कायम रही। इसी के साथ मुंगेर ने फाइनल मुकाबला जीत लिया।
तकनीकी टीम का योगदान
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना से प्रतिनियुक्त तकनीकी पदाधिकारी शशि कुमार सुमन का विशेष सहयोग रहा। मौके पर जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, शारीरिक शिक्षक अरविंद कुमार, चिरंजीव ठाकुर, राजेश कुमार रौशन, पुनीत, सुजीत तथा कई अन्य खेलप्रेमी उपस्थित थे।











