बेगूसराय | बेगूसराय जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान को मंगलवार से एक नई गति दी गई। जिले की गर्भवती महिलाओं को उनके घर के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी 24 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ‘प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान’ शुरू किया गया। यह सुविधा अब तक केवल जिला अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ही उपलब्ध थी।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मटिहानी प्रखंड के सिंहमा अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉक्टर अशोक कुमार, डीआईओ गोपाल मिश्रा, डीपीएम नसीम रजी, डीपीसी प्रिया बसंत, प्रभारी चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर संतोष झा सहित पिरामल फाउंडेशन के सदस्य मौजूद थे।

अभियान की रणनीति
- शुरुआत में यह अभियान हर महीने की 9 तारीख को चलाया जाता था।
- वर्तमान में हर महीने 9, 15 और 21 तारीख को आयोजित किया जाता है।
- गर्भवती महिलाओं की तुरंत पहचान और चार से अधिक जांचों पर विशेष जोर।
- इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘गोद भराई’ जैसे आयोजन भी किए जाते हैं।
- स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए हर पंचायत में महीने में एक दिन ‘आदर्श आरोग्य दिवस’ मनाने का भी निर्णय लिया है।












