- राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय क्रिकेट बालक (अंडर -14) प्रतियोगिता शुरू
- प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश की 9 प्रमंडल की टीमें भाग ले रही हैं

बेगूसराय | स्थानीय गांधी स्टेडियम में सोमवार को बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय क्रिकेट बालक (अंडर -14) खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन दो मैच खेले गए। पटना और तिरहुत प्रमंडल की टीम को जीत हासिल हुई।
अतुल की अर्द्धशतकीय पारी बेकार गई
प्रतियोगिता का पहला मैच पटना और मगध प्रमंडल के बीच खेला गया। मगध ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पटना की टीम ने निर्धारित 16 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 107 रन का स्कोर बनाया। पटना की ओर से आयुष राज ने 23 गेंद में 34 एवं विनय कुमार ने 11 गेंद में 15 रन बनाए। मगध की ओर से सोनू ने 4 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मगध की टीम 102 रन पर सिमट गई। मगध की ओर से अतुल शक्ति ने 39 गेंद में 50 रन बनाए। जबकि आदर्श यादव ने 18 गेंद में 14 रन बटोरे। पटना की ओर से आयुष ने और ऋत्विक भारद्वाज ने 3-3 विकेट चटकाए। पटना के आयुष को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

भागलपुर प्रमंडल 8 विकेट से हारा
दूसरा मैच तिरहुत और भागलपुर प्रमंडल के बीच खेला गया। भागलपुर ने टॉस जीता। बल्लेबाजी करते हुए भागलपुर की पूरी टीम 15 ओवर में 69 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भागलपुर की ओर से प्रतीक गुप्ता ने 21 रन एवं सार्थक ने 17 रन बनाए। तिरहुत के बिलाल और रूद्रांश ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में उतरी तिरहुत की टीम ने 7.1 ओवर में ही 2 विकेट खोकर 71 रन बनाकर पहली जीत हासिल की। तिरहुत की ओर से आशीष ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। रूद्रांश ने 11 गेंद खेलकर 17 रन बटोरे तिरहुत के रूद्रांश को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
खेल और खिलाड़ियों के साथ है केंद्र-बिहार सरकार
प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार और बिहार सरकार खेल और खिलाड़ियों के साथ है। आज खेल क्लब के साथ-साथ हर पंचायत में खेल के मैदान बनाए जा रहे हैं। मेडल लाओ और नौकरी पाओ के द्वारा केंद्र सरकार और राज्य सरकार खेल को बढ़ावा दे रही है। बिहार में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेल टूर्नामेंट का आयोजन हो रहे हैं। नगर आयुक्त नगर सोमेश बहादुर माथुर ने कहा कि आज बिहार के बच्चे क्रिकेट में काफी आगे बढ़ रहे हैं। अपर समाहर्ता नशीम कुमार निशांत ने कहा कि शारीरिक शिक्षकों के कठिन मेहनत तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के सहयोग से इस कार्यक्रम को सफल बनाया जा रहा है।

पहली बार टर्फ मैदान पर क्रिकेट प्रतियोगिता
जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार विरेश ने कहा कि बिहार में पहली बार टर्फ मैदान पर राज्य स्तरीय स्कूली खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले कभी भी टर्फ विकेट पर राष्ट्रीय क्रिकेट मैच का आयोजन नहीं किया गया था। टर्फ विकेट बनाने के लिए उन्होंने जिला प्रशासन के साथ ही साथ खेल विभाग की पूरी टीम, क्रिकेट खिलाड़ी मुरारी कुमार, सुमित कुमार, अरुनव पंकज को बधाई दी। मृत्युंजय कुमार वीरेश ने जिला खेल पदाधिकारी को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर स्वागत किया। खेल संयोजक विश्वजीत कुमार ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए सबके प्रति आभार जताया। मौके पर शारीरिक शिक्षक अरविंद कुमार, दीपक, चिरंजीवी, शशिकांत आदि उपस्थित रहे। उद्घोषक और मंच संचालक की भूमिका शिक्षक सुमित कुमार ने निभाई।










