- ऋषभ ने 167 किलोग्राम का भार उठाया
- जहानाबाद में चल रही स्टेट भारोत्तोलन चैंपियनशिप
बेगूसराय। जहानाबाद जिले के खेल भवन में चल रहे बिहार राज्य भारोत्तोलन चैंपियनशिप में बेगूसराय के ऋषभ कुमार ने कांस्य पदक जीता है। प्रतियोगिता के 56 किग्रा बॉडीवेट वर्ग में प्रतिभाग करते हुए ऋषभ ने कुल 167 किग्रा भार उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया। ऋषभ ने स्नैच में 77 किग्रा और क्लीन एंड जर्क मे 88 किग्रा भार उठाकर यह उपलब्धि हासिल की।
निरंतर अभ्यास का यह परिणाम
बेगूसराय जिला भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष राज किशोर सिंह ने ऋषभ को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। यह उपलब्धि जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
सीमित संसाधनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन
बेगूसराय जिला भारोत्तोलन संघ के उपाध्यक्ष अंतरराष्ट्रीय रेफरी रजनीश भास्कर ने कहा कि ऋषभ कुमार ने सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि बेगूसराय में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
जिले के लिए यह भी उपलब्धि
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेगूसराय जिला भारोत्तोलन संघ के सचिव अभिषेक गौतम एवं कोषाध्यक्ष रोहन कुमार तकनीकी अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि रजनीश भास्कर को इस प्रतियोगिता के लिए जूरी प्रेसिडेंट के रूप में नियुक्त किया गया है।








