- सांसद खेल महोत्सव का केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया उद्घाटन
- बीपी, कालेजिएट और जेके स्कूल के मैदानों का होगा समतलीकरण
बेगूसराय | बिहार में एनडीए गठबंधन की सरकार बनने के बाद जिले के खेल एवं खिलाड़ियों को नई पहचान और नया मुकाम मिला है। बेगूसराय खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। ये बातें केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह ने गुरुवार को गांधी स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कही। उन्होंने गांधी स्टेडियम सहित नगर निगम क्षेत्र के विद्यालयों- बीपी +2 विद्यालय, बीएसएस कॉलेजिएट एवं जेके +2 विद्यालय के खेल मैदानों के समतलीकरण एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गांधी स्टेडियम के पुनर्विकास के लिए जिला पदाधिकारी को कहा। साथ ही बेगूसराय में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम के निर्माण का आश्वासन देते हुए बरौनी के पास भूमि उपलब्धता का भी उल्लेख किया।
जिले में आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कि जिले के बच्चों में अपार ऊर्जा और प्रतिभा है, आवश्यकता केवल उन्हें सही मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण देकर नई ऊंचाइयों तक ले जाने की है। उन्होंने कहा कि जिले में भूमि चिन्हित कर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा तथा खिलाड़ियों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। इससे पहले गांधी स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव का शानदार आगाज दीप प्रज्वलन एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर पुष्प एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।

प्रधानमंत्री ने 237 संसदीय क्षेत्र के खिलाड़ियों को संबोधित किया
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के 237 संसदीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने असम, बंगाल, तमिलनाडु एवं हरियाणा के खिलाड़ियों से संवाद किया और खेल को जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने खिलाड़ियों के लिए असीमित अवसर सृजित किए हैं, जहां चयन पहचान या सिफारिश के आधार पर नहीं, बल्कि कौशल और प्रतिभा के आधार पर होता है। प्रधानमंत्री ने 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत के प्रयासों का उल्लेख करते हुए युवाओं को देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया।
वुड ब्रेकिंग, फ्लाइंग साइड किक का प्रदर्शन किया
कार्यक्रम के प्रारंभ में ताइक्वांडो संघ के जिला सचिव नंदू कुमार एवं जिला कोच कुमार के नेतृत्व में ताइक्वांडो खिलाड़ियों द्वारा पंच, ब्लॉक, किक, फाइट, एप्पल ब्रेकिंग, वुड ब्रेकिंग, फ्लाइंग साइड किक, नेशनल फ्लैग, सेल्फ डिफेंस, काता, रिंग फायर वॉल्ट आदि का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। सांसद गिरिराज सिंह ने हैंडबॉल, कबड्डी, खो-खो, योगा सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया और जिले व प्रदेश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश, शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, चिरंजीवी ठाकुर, अरुणव पंकज, रितेश सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे। मंच संचालन एवं उद्घोषणा की भूमिका शिक्षक कन्हैया भारद्वाज एवं श्री अरविंद कुमार ने निभाई।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी हुए सम्मानित
इस अवसर पर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में ताइक्वांडो में आयुष बनर्जी (स्वर्ण पदक), आयुष कुमार (कांस्य पदक) एवं राज कुमार (रजत पदक); हैंडबॉल में सूरज कुमार, आनंद कुमार एवं देव कुमार (राष्ट्रीय विद्यालय प्रतियोगिता में कांस्य पदक); हॉकी में कोच मिराज के नेतृत्व में बालक अंडर-17 टीम द्वारा राज्य स्तरीय कांस्य एवं बालिका टीम द्वारा रजत पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी; वॉलीबॉल में राजकुमार, जिन्होंने राज्य स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता 2025 में स्वर्ण पदक दिलाया तथा राष्ट्रीय विद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2025-26 में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व किया, शामिल रहे।










