- मालीनगर समस्तीपुर के जरूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में मदद की
- अब तक 120 से अधिक जरूरतमंद परिवार के बेटी की शादी में टीम कर चुकी सहयोग
बेगूसराय | सामाजिक कार्यों में हमेशा आगे रहने वाली संस्था साईं की रसोई ने एक बार फिर अपने सामाजिक कार्य से समाज को एक नई प्रेरणा और नई मिसाल दी है। टीम ने पुनः एक जरूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में मदद करने का बीड़ा उठाया। टीम साईं की रसोई ने जिम्मेवारी का निर्वहन करते हुए परिवार को शादी में दिए जाने वाले घरेलू सामान एवं भोज्य सामग्री उपलब्ध करवाया है। सामान व भोज्य सामग्री उपलब्ध करवाने पर महिला ने खुशी के आंसुओं को अपनी आंखों में समेटे धन्यवाद किया। टीम ने इस जरूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में होने वाले खर्च को वहन किया है।
क्या-क्या सामान दिए
टीम ने जरूरतमंद परिवार के बेटी की शादी के लिए साड़ी, बर्तन सेट, श्रृंगार का सामान, आयरन, पंखा, चुनरी, पर्स, गला सेट, ट्रॉली सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की।
हमारे लिए यह सामाजिक जिम्मेवारी
टीम के संस्थापक व खाद्य मंत्री पंकज कुमार ने कहा कि बेटी की शादी किसी एक परिवार की जवाबदेही नहीं, बल्कि एक सजग और जागरूक समाज की जिम्मेवारी है। जब उक्त जरूरतमंद परिवार का पता चला तो पूरे समाज ने लड़की की शादी हेतु जरूरत का सामान इकट्ठा करने का बीड़ा उठाया और काफी अच्छे संख्या में आम जनसहयोग से जरूरतमंद परिवार के बेटी की शादी में मदद करने का काम किया। लोगों को भी ऐसे कार्य में आगे आकर जरूरतमंद परिवार की मदद करना चाहिए ताकि समाज में आपसी सद्भाव बना रहे। मौके पर रसोई टीम सदस्य रौनक अग्रवाल, वैभव अग्रवाल, सुमित कुमार, ज्ञान सिंह, विक्की भाटिया, सृष्टि सोनी, अंकित, शैलेन्द्र आदि मौजूद रहे।










