- शैक्षिक परिभ्रमण पर नालंदा,राजगीर गए कन्या मध्य विद्यालय दहिया के बच्चे
भगवानपुर। मुख्यमंत्री बिहार परिभ्रमण योजना के अंतर्गत कन्या मध्य विद्यालय दहिया के छात्र-छात्राओं को सोमवार को ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक भ्रमण पर नालंदा, राजगीर और पावापुरी ले जाया गया। परिभ्रमण दल को प्रधानाध्यापक संजीव कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण शेखर ने हरी झंडी दिखाकर विदा किया।
प्रधानाध्यापक संजीव कुमार ने बताया कि भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और शिक्षा परंपरा से अवगत कराना था। भ्रमण के दौरान बच्चों ने विश्व प्रसिद्ध प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के अवशेषों का अवलोकन किया और जाना कि किस प्रकार यह शिक्षा का वैश्विक केंद्र हुआ करता था। राजगीर में छात्रों ने शांति स्तूप, वेणुवन तथा गर्म जल कुंडों का भ्रमण कर उनके ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को समझा।

भ्रमण के दौरान शिक्षक राजीव कुमार ने प्रत्येक स्थल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक महत्व की विस्तृत जानकारी बच्चों को दी और कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों में अनुशासन, सहयोग और सामाजिक व्यवहार का भी विकास होता है।बच्चों ने बताया कि पुस्तकों में पढ़े गए ऐतिहासिक स्थलों को प्रत्यक्ष देखना उनके लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। पूरे यात्रा के दौरान बच्चे काफी खुश और उत्साहित थे।मौके पर शिक्षक राजीव कुमार, रजनीश कुमार, रिफत प्रवीण आदि मौजूद थे।










