बेगूसराय | एक्टिव कल्चरल सोसायटी बेगूसराय की ओर से आयोजित एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय रचियाही के सहयोग से 10 दिवसीय रंग उमंग नाट्य कार्यशाला का शुभारंभ बुधवार को किया गया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में स्कूल के प्रधानाध्यापक संजय कुमार पोद्दार, शिक्षिका अर्चना कुमारी, कुमारी अनामिका, डोली कुमारी, पूनम राय, शिक्षक अर्जुन कुमार, सियाराम राय, संस्था के अध्यक्ष रवि शंकर रंक, सचिव इम्तियाजुल हक डब्लू, कार्यशाला निर्देशक मनोज कुमार ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया।
नाट्य कार्यशाला के माध्यम से स्कूल के छात्र एवं छात्राओं को गीत-नृत्य, अभिनय का प्रशिक्षण दिनांक 20 फरवरी तक दिया जाएगा। प्रशिक्षण बेगूसराय के जाने-माने रंगकर्मी एवं नाट्य निर्देशक मनोज कुमार, चांदनी कुमारी, दिलीप कुमार, रोबिन कुमार देंगे। इस कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों में कला एवं संस्कृति का संपूर्ण विकास करना है। इससे बच्चों में सर्वांगीण विकास के साथ-साथ व्यवहारिक, पारिवारिक, सामाजिक एवं शिक्षा के क्षेत्र में कलात्मक, रचनात्मक विकास होगा। बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभाओं के लिए भावना, वेदना, संभावना को उजागर कर उसे मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उत्सुक किया जाएगा।
कार्यशाला के अंतिम दिन बच्चों द्वारा शिक्षा पर आधारित नाटक की प्रस्तुति एवं लोक नृत्य लोकगीत का आयोजन किया जाएगा। स्कूल के प्रधानाध्यापक संजय कुमार पोद्दार ने संस्था के सभी प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कला और संस्कृति में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपनी ओर से हर तरह का सहयोग करने के लिए आश्वासन दिया।










