- जिलाध्यक्ष वही बनेगा जिसे कार्यकर्ता पसंद करेंगे
- हरियाणा के विधायक का कांग्रेसियों ने किया स्वागत
बेगूसराय | संगठन सृजन अभियान के तहत आल इंडिया कांग्रेस के पर्यवेक्षक सह हरियाणा से विधायक मो. मम्मन खान मंगलवार को बेगूसराय पहुंचे। यहां उन्होंने लोहियानगर स्थित जिला पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं से स्पष्ट रूप से कहा कि आपका जिलाध्यक्ष वही होगा जिसे आप चाहेंगे। लेकिन महत्वपूर्ण बात यह कि सबसे पहले पार्टी को नए सिरे से संवारना होगा। इसी उद्देश्य के साथ मुझे दिनकर जी की धरती और डाक्टर श्रीकृष्ण सिंह की कर्मभूमि पर भेजा गया है। हरियाणा से ही संगठन सृजन अभियान शुरू हुआ। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों को जिलाध्यक्ष बनना है वे एक-एक कर बेहिचक मिलें। अपने नाम से फार्म भरें। कौन सबसे बेहतर होगा, यह भी बताएं।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष अभय कुमार सार्जन ने कहा कि राहुल गांधी हमारे नेता हैं। उनके मार्गदर्शन में जिला कमेटी हमेशा आगे बढ़कर कार्यक्रम करती रही है। आप जिस तरह से चाहें उस तरह से प्रबुद्ध कार्यकर्ताओं से मिलें। बैठक में सातों विधानसभा क्षेत्र से कार्यकर्ता आए थे। संगठन और शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन से जिले में समितियां बनाई जाएंगी। उसी अनुरूप जिला कमेटी, प्रखंड कमेटी, मंडल कमेटी और पंचायत कमेटी को मजबूती प्रदान किया जाएगा।
कोई ऊपर से बनकर नहीं आएगा जिलाध्यक्ष
पत्रकार वार्ता में मम्मन खान ने कहा कि हम पर्यवेक्षकों को जिम्मेवारी मिली है कि पार्टी कार्यकर्ताओं, निर्वाचित प्रतिनिधियों, पूर्व पदाधिकारी और सिविल सोसाइटी से व्यापक गहन संपर्क रखते हुए सबसे उपयुक्त नेतृत्व की तलाश करें। पत्रकारों के प्रश्न कि यह केवल कोरम पूर्ति तो नहीं है, के जवाब में उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष ऊपर से बनकर नहीं आएंगे। बेगूसराय के सभी विधानसभा में घूम-घूम कर गहन समीक्षा करेंगे। जो नाम छनकर आएगा, उसे ऊपर भेजा जाएगा। वही सक्रिय कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दस्तखत मुहर से बेगूसराय का जिलाध्यक्ष बनेगा। संगठन सृजन अभियान राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक परिवर्तन का अभियान है।
बैठक में पार्टी के ये लोग रहे मौजूद
बैठक में मीडिया प्रभारी रणजीत कुमार मुखिया, शशिशेखर राय, रामविलास सिंह, रजनीकांत पाठक, मुरलीधर मुरारी, महेश सिंह, नारायण सिंह, सुबोध कुमार, श्रीकांत राय, सुबोध प्रसाद सिंह, मुकेश कुमार गुड्डू, संजय सिंह, गिरधर गोपाल, राजदेव पासवान, राम स्वार्थ साह, मो.मतीन, हारून रसीद खान आदि मौजूद रहे। अध्यक्ष पद के लिए कितने लोगों ने फार्म भरा यह बुधवार को पता चलेगा।










