- केडीएस फाउंडेशन के अध्यक्ष डाॅ.पंकज कुमार ने विद्यालय को दिए 5 कंप्यूटर
- डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कंप्यूटर लैब का किया उद्घाटन
बेगूसराय (मटिहानी) | उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नयागांव सिंघपुर में सोमवार को एक समारोह में आइएमए के सचिव सह केडीएस फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. पकंज कुमार सिंह और उनकी मां ने 5 कंप्यूटर प्रदान किए। विद्यालय में छात्र-छात्राओं के तकनीकी विकास एवं डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कंप्यूटर लैब का भी उद्घाटन किया गया। मौके पर शैक्षणिक सत्र के सफल समापन पर दीक्षांत समारोह भी संपन्न हुआ। डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना तथा उन्हें डिजिटल युग के अनुरूप सक्षम बनाना है। कंप्यूटर लैब की स्थापना से विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा, इंटरनेट की जानकारी तथा विभिन्न डिजिटल कौशल सीखने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।
शिक्षा का प्रीमियम भरना कभी न छोड़ें
डॉ. पंकज ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज और राष्ट्र को प्रगति के पथ पर अग्रसर करती है। अभिवावकों को शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि हम सभी जीवन में निवेश करते हैं। कोई जमीन खरीदता है, कोई घर बनाता है, कोई गाड़ी लेता है, लेकिन मैं आपसे एक सरल उदाहरण के माध्यम से बात रखना चाहता हूं। शिक्षा ठीक वैसी ही है जैसे LIC का प्रीमियम। जैसे हम हर महीने प्रीमियम भरते हैं और समय आने पर हमें ब्याज सहित पूरा लाभ मिलता है, उसी प्रकार यदि हम अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देते हैं, तो भविष्य में वह कई गुना होकर हमें वापस मिलता है। इसलिए आप सभी से निवेदन है कि चाहे कितनी भी कठिनाइयां क्यों न हों, शिक्षा का “प्रीमियम” भरना कभी मत छोड़िए। बच्चों से कहा कि आपका काम बहुत सरल है— पढ़ना, खेलना, खाना और सोना। मन लगाकर पढ़िए, खूब खेलिए, अच्छा भोजन कीजिए और गहरी नींद सोइए। इसके अलावा इधर-उधर की बातों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।
छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया
डाइट शाहपुर के व्याख्याता श्री डॉ. अर्जुन पासवान और उमा रंजन तथा PTEC विष्णुपुर के उप प्राचार्य डॉ. गौतम कुमार ने बच्चों को कंप्यूटर की शिक्षा लेने हेतु प्रेरित किया। साथ ही दीक्षांत समारोह में वर्ग 1 से 8 के प्रथम द्वितीय तथा तृतीय स्थान पर रहने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया। विद्यालय के अन्य शिक्षक श्रीमती जयमाला कुमारी, श्रीमती संयोगिता कुमारी, श्रीमती रोशनी कुमारी, श्रीमती अमीषा कुमारी, श्रीमती कांता कुमारी, श्रीमती नेहा कुमारी, श्रीमती कुमारी पूनम और श्रीमती बिंदा कुमारी ने सक्रिय रूप से आयोजन के सफल क्रियान्वयन में अपना अहम योगदान दिया।
इन लोगों ने भी बच्चों को प्रेरित किया
मौके पर जिला परिषद सदस्य अंजनी कुमार सिंह, भूतपूर्व विधायक राजकुमार सिंह एवं शिक्षा जगत से जुड़े कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक कदम बताया।










