बेगूसराय (बछवाड़ा) | नारेपुर चट्टी प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 5 के छात्र-छात्राओं के लिए सोमवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय की प्रधान शिक्षक अमिता कुमारी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के लिए गौरव का क्षण तब आया, जब छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों से विद्यालय का नाम रोशन किया। खुशबू कुमारी ने बिहार दिवस विशेष चैम्पियनशिप के अंतर्गत जिला स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया। मूर्ति कुमारी को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व संकुल समन्वयक सह शिक्षक डॉ. मनोरंजन कुमार राय ने अपने संबोधन में छात्रों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व को समझने, विद्यालय से जुड़े रहने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग देने का संदेश दिया। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाएं आरती कुमारी, सुनीता कुमारी एवं सीमा कुमारी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

यह अंत नहीं, एक नई शुरुआत है: अमिता कुमारी
प्रधान शिक्षक अमिता कुमारी ने बच्चों से कहा कि आज आप अपने जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव को पार कर रहे हैं। यह अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। जीवन एक रंगीन यात्रा है—जहां हर अनुभव आपको आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करें, मेहनत को अपना साथी बनाएं और हमेशा सीखते रहने की जिज्ञासा बनाए रखें। आप जहां भी जाएं, अपने विद्यालय के संस्कारों और मूल्यों को साथ लेकर चलें। हमें आप सभी पर गर्व है और विश्वास है कि आप अपने जीवन को एक सुंदर एवं सफल यात्रा में बदलेंगे।










