- मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने भाजपा की प्रेस वार्ता में गिनाई उपलब्धियां
बेगूसराय | केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा जिला इकाई ने रविवार को प्रेस वार्ता आयोजित की। कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं। इस परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास और सरकार का सेवा भाव है। यह दौर विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
गरीब कल्याण और पारदर्शी शासन पर जोर
प्रेस वार्ता में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब कल्याण को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और मुफ्त राशन योजना जैसी पहल से करोड़ों परिवारों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, डीबीटी और जनधन-आधार-मोबाइल व्यवस्था ने सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता बढ़ाई है तथा लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
आधारभूत संरचना और वैश्विक पहचान में बढ़ोतरी
मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में सड़क, रेलवे, हवाई अड्डों और डिजिटल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है। आत्मनिर्भर भारत अभियान के माध्यम से उत्पादन और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा भी लगातार बढ़ी है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, अंतरिक्ष और रक्षा क्षेत्र में उपलब्धियां तथा वैश्विक कूटनीति में भारत की सक्रिय भूमिका इसकी पुष्टि करती है।
विकसित भारत-2047 का संकल्प
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करना है। उन्होंने कहा कि देश को आर्थिक, सामाजिक, तकनीकी और सांस्कृतिक रूप से अग्रणी राष्ट्र बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस अभियान में युवाओं, किसानों, महिलाओं, गरीबों और वंचित वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके। प्रेस वार्ता का संचालन जिला मंत्री एवं मीडिया प्रभारी शुभम कुमार ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार, विकास कुमार, सुमित सनी सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।










