- प्रशिक्षुओं को बताए गए स्वस्थ जीवन के मंत्र
- दिनकर सभागार में आयोजित हुआ योग शिविर एवं गोष्ठी
- प्रो. पिंटू कुमार ने कराया सूर्य नमस्कार और प्राणायाम का अभ्यास
बेगूसराय | अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रमजानपुर स्थित गंगा ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर एजुकेशन के दिनकर सभागार में योग शिविर एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना था। योग एवं खेल प्रशिक्षक प्रो. पिंटू कुमार ने प्रशिक्षुओं को सूर्य नमस्कार, विभिन्न आसनों तथा प्राणायाम के अंतर्गत अनुलोम-विलोम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की भी विस्तार से जानकारी दी।

भागदौड़ भरी जिंदगी में ‘स्वयं के लिए समय निकालना’ सबसे बड़ी जरूरत
गोष्ठी का संचालन कार्यक्रम प्रभारी प्रो. परवेज यूसुफ ने किया। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वयं के लिए समय निकालना सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। व्यस्त जीवन के कारण मन में नकारात्मक विचारों का आना स्वाभाविक है, लेकिन योग, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से इन्हें सकारात्मक ऊर्जा में बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति का भी माध्यम है। नियमित अभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर होता है।

प्रशिक्षुओं ने भी साझा किए अपने विचार
इस अवसर पर सत्र 2025-27 के प्रशिक्षु आनंद मिश्रा, सिद्धि भारती, राजन कुमार, निधि कुमारी, गोविंद कुमार, अनीशा कुमारी, रौशनी सिन्हा, किसलय कुमार, विनीत कुमार, स्वीटी कुमारी और अंजली कुमारी ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में चंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित रहे।










