- डीएम ने मटिहानी में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का निरीक्षण किया
- कॉलेज भवन और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की
बेगूसराय | जिले के छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सात निश्चय-3 योजना के तहत बेगूसराय के 10 प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में 1 जुलाई 2026 से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होने जा रही हैं। इसी तैयारी का जायजा लेने के लिए जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने बुधवार को मटिहानी प्रखंड के महाजी गांव स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज भवन और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कक्षाओं, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, बिजली, फर्नीचर और शिक्षण सामग्री की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं ताकि 1 जुलाई से नियमित पढ़ाई शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने प्रखंड में ही उच्च शिक्षा की सुविधा मिले।

इन प्रखंडों में भी होगी डिग्री की पढ़ाई
जिले में जिन नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पढ़ाई शुरू होगी, उनमें बछवाड़ा, छौड़ाही, डंडारी, गढ़पुरा, खोदावंदपुर, मंसूरचक, मटिहानी, नावकोठी, साहेबपुर कमाल और वीरपुर के महाविद्यालय शामिल हैं।
घर के करीब ही मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
डीएम ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि छात्रों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन और आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। जिला प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में उपलब्ध उच्च शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाएं। इन कॉलेजों के शुरू होने से जिले में उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उनके घर के करीब ही मिल सकेगी।










