- डीएम का आदेश, गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त हुए शिक्षक
- 2 से 31 मई तक मकान सूचीकरण व मकान गणना कराया गया
बेगूसराय | जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य 31 मई को समाप्त हो चुका है। बावजूद कई शिक्षक अब भी विभिन्न गैर शैक्षणिक कार्यों में लगे हुए थे। इसे लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रधान जिला जनगणना अधिकारी-सह-जिला समाहर्ता श्रीकांत शास्त्री ने सभी शिक्षकों की गैर शैक्षणिक प्रतिनियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश जारी किया है।
प्रशासन को सूचना मिली कि कुछ शिक्षक अब भी बीडीओ, सीओ कार्यालय तथा प्रखंड और जिला स्तर के अन्य गैर शैक्षणिक कार्यों में तैनात हैं। इससे विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित हो रही थी और शैक्षणिक गतिविधियां बाधित हो रही थीं। स्थिति को गंभीर मानते हुए जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब कोई भी शिक्षक गैर शैक्षणिक कार्य में प्रतिनियुक्त नहीं रहेगा। सभी शिक्षकों को तत्काल अपने-अपने विद्यालयों में योगदान देकर नियमित पठन-पाठन शुरू करना होगा।
करीब 4000 शिक्षकों को ड्यूटी पर लौटना होगा
यू-डायस प्लस के आंकड़ों पर गौर करें तो जिले में सरकारी स्कूलों की संख्या करीब 2,188 है। इनमें लगभग 22,200 शिक्षक तैनात हैं। एक अनुमान के मुताबिक करीब 4000 शिक्षकों को जनगणना कार्य में लगाया गया था। जिला और चार्ज स्तर के अधिकारियों व कर्मियों को 9 मार्च से जनगणना कार्य का प्रशिक्षण दिया गया था। 2 मई से 31 मई तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य का कराया गया।








