- गांधी स्टेडियम में विभिन्न आयु वर्ग के मुकाबले हुए
- खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए किया गया प्रेरित
बेगूसराय | स्थानीय गांधी स्टेडियम में शनिवार को सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 की शानदार शुरुआत हुई। जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में अंडर-15, 17 और 19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का आयोजन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन शारीरिक शिक्षा उपाधीक्षक बिट्टू कुमार सिंह और जिला कला एवं संस्कृति विभाग के श्याम कुमार सहनी ने किया। अतिथियों ने मैदान में जाकर खिलाड़ियों से हाथ मिलाया। उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने कहा कि खेल से हमें एकता का संदेश मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेगूसराय के ये बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन करेंगे।

खेले गए मैचों के नतीजे
- अंडर-17 बालिका (फाइनल) : लेफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल (मुरलीटोल, बछवाड़ा) ने आर. जे. के. उच्च विद्यालय (बरौनी) को 2-0 से हरा दिया। इससे पहले खेले गए मैच में भी लेफोर्ड ने आर. जे. के. मध्य विद्यालय (तेघड़ा) को 2-0 से मात दी थी।
- अंडर-15 बालक (फाइनल) : कृष्णामूर्ति पब्लिक स्कूल और उड़ान इंटरनेशनल स्कूल के बीच खिताबी भिड़ंत हुई। इसमें कृष्णामूर्ति पब्लिक स्कूल ने 1-0 से रोमांचक जीत दर्ज की।
- अंडर-17 बालक (फाइनल) : यह मुकाबला बेहद कड़ा रहा। आर. के. टी. एन. हाई स्कूल (शालिग्रामी) और दून पब्लिक स्कूल के बीच कांटे की टक्कर हुई। अंततः टाई-ब्रेकर में आर. के. टी. एन. हाई स्कूल ने 4-1 से जीत हासिल की।
ये टीमें खेलेंगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
- अंडर-15 (बालक) : कृष्णामूर्ति पब्लिक स्कूल।
- अंडर-17 (बालक) : आर. के. टी. एन. हाई स्कूल, शालिग्रामी।
- अंडर-17 (बालिका) : लेफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल, मुरलीटोल (बछवाड़ा)
इन्होंने निभाई अहम भूमिका
इस सफल आयोजन में शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, चिरंजीवी ठाकुर, शशिकांत, शुभम और रितेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन और उद्घोषणा शिक्षक कन्हैया भारद्वाज ने की। वहीं मैचों में रेफरी की जिम्मेदारी अमन कुमार, रौशन कुमार राय, अंकित कुमार, सुजीत कुमार और नीरज कुमार ने बखूबी निभाई।











